राष्ट्रीय

IMD का बड़ा अलर्ट: अगले 8 घंटे बेहद अहम, 12 राज्यों में आंधी-तूफान का खतरा; 15 राज्यों में भारी से अत्यधिक बारिश की चेतावनी

नई दिल्ली: भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने देश के कई हिस्सों के लिए गंभीर मौसम चेतावनी जारी की है। विभाग के अनुसार, अगले तीन से चार दिनों तक उत्तर-पश्चिम, मध्य, पूर्वी और पूर्वोत्तर भारत में मानसून पूरी तरह सक्रिय रहेगा। इस दौरान कई राज्यों में भारी से अत्यधिक भारी बारिश, तेज आंधी, बिजली गिरने और तेज हवाओं की आशंका जताई गई है। वहीं, दक्षिण भारत के कुछ हिस्सों में मानसूनी गतिविधियां अपेक्षाकृत कमजोर रहने की संभावना है।

अगले 8 घंटे में इन 12 राज्यों में आंधी-तूफान का खतरा

आईएमडी के मुताबिक अगले आठ घंटों के दौरान दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, पंजाब, राजस्थान, मध्य प्रदेश, गुजरात और पश्चिम बंगाल में 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। इन राज्यों में गरज-चमक के साथ बारिश और बिजली गिरने की भी संभावना जताई गई है।

मौसम विभाग ने विशेष रूप से पहाड़ी क्षेत्रों में भूस्खलन और मैदानी इलाकों में जलभराव की आशंका को देखते हुए लोगों से सतर्क रहने की अपील की है।

15 राज्यों में भारी से अत्यधिक बारिश का रेड अलर्ट

आईएमडी ने महाराष्ट्र, गोवा, कर्नाटक, केरल, तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, ओडिशा, छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश, राजस्थान, गुजरात, उत्तर प्रदेश, बिहार और झारखंड के लिए भारी से अत्यधिक भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। इन राज्यों में स्थानीय प्रशासन को भी सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं।

उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश और बिहार पर विशेष नजर

उत्तर प्रदेश में 69 जिलों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है, जबकि 18 जिलों में मूसलाधार बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।

मध्य प्रदेश के 17 जिलों में अगले 24 घंटों के दौरान भारी वर्षा की चेतावनी दी गई है।

बिहार में उत्तरी हिस्सों के नौ जिलों में तेज बारिश का अनुमान है। वहीं, पटना समेत 21 जिलों में बादल छाए रहने और बारिश की संभावना है, जबकि आठ जिलों में मौसम सामान्य रह सकता है।

पंजाब और दिल्ली-एनसीआर में भी बदलेगा मौसम

पंजाब के सभी 23 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। वहीं दिल्ली-एनसीआर में दिनभर बादल छाए रहने और शाम या रात तक हल्की बारिश होने की संभावना है।

मौसम विभाग के अनुसार, 26 जुलाई से मानसून ट्रफ उत्तर की ओर खिसकने के बाद 28 जुलाई तक दिल्ली में भारी बारिश का दौर देखने को मिल सकता है। इसके बाद 29 जुलाई से बारिश में कमी आने और उमस बढ़ने की संभावना जताई गई है।

24 जुलाई का पूर्वानुमान

24 जुलाई को मध्य महाराष्ट्र में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। पूर्वी राजस्थान में गरज-चमक और बिजली गिरने की चेतावनी दी गई है। हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में भी भारी बारिश की संभावना है।

इसके अलावा बिहार, झारखंड, ओडिशा, असम, मेघालय, नागालैंड, मिजोरम, त्रिपुरा और आंध्र प्रदेश में येलो अलर्ट जारी किया गया है। कर्नाटक, तेलंगाना और तटीय आंध्र प्रदेश में तेज हवाएं चलने का भी अनुमान है।

25 जुलाई को इन राज्यों में रहेगा बारिश का असर

25 जुलाई को मध्य प्रदेश, पश्चिमी राजस्थान, पंजाब, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, जम्मू-कश्मीर, झारखंड, नागालैंड, मिजोरम, मेघालय, त्रिपुरा और अरुणाचल प्रदेश में भारी बारिश की संभावना है।

वहीं छत्तीसगढ़ और पूर्वी राजस्थान में गरज-चमक और बिजली गिरने को लेकर भी मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है।

मौसम विभाग की सलाह

मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने, खुले मैदानों और पेड़ों के नीचे खड़े न होने तथा स्थानीय प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है। विशेष रूप से नदी-नालों और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों में अतिरिक्त सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।

Related Articles

Back to top button