झारखण्डराज्य

घर में घुसी बेकाबू स्कॉर्पियो… बाहर खड़े लोगों को रौंदा, 2 की मौके पर मौत; कई गंभीर, हादसे के बाद मचा कोहराम

लातेहार: झारखंड के लातेहार जिले के चंदवा थाना क्षेत्र के दामोदर गांव में बुधवार देर शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को सदमे में डाल दिया। नगर मंदिर के पास आयोजित एक कार्यक्रम से लौट रही तेज रफ्तार स्कॉर्पियो अचानक अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे स्थित एक घर में जा घुसी। हादसा इतना भीषण था कि घर के बाहर मौजूद दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि छह अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।

दो लोगों की मौके पर दर्दनाक मौत, छह घायल

इस हादसे में घर के बाहर मौजूद राखी देवी (पति- प्रमोद गिरी) और स्कॉर्पियो चालक अरविंद कुमार (पिता- बद्री) की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई और चीख-पुकार गूंज उठी। दुर्घटना में ललिता देवी, रेनू देवी, खुशबू, सूरज, सरिता समेत दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हुए।

स्थानीय ग्रामीणों ने बिना देर किए सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) चंदवा पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने राखी देवी और चालक अरविंद कुमार को मृत घोषित कर दिया। वहीं अन्य घायलों की गंभीर हालत को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें रिम्स, रांची रेफर कर दिया गया।

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कैसे हुआ हादसा

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार स्कॉर्पियो नगर से चंदवा की ओर आ रही थी। दामोदर गांव के पास पहुंचते ही चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और स्कॉर्पियो सीधे सड़क किनारे बने घर में घुस गई। घर के बाहर मौजूद लोगों को संभलने का मौका तक नहीं मिला। कुछ ही सेकंड में सामान्य माहौल चीख-पुकार और भगदड़ में बदल गया।

घायलों को रांची भेजने में एंबुलेंस की कमी बनी परेशानी

दुर्घटना के बाद सीएचसी चंदवा में एंबुलेंस की कमी भी सामने आई। गंभीर घायलों को रांची रेफर करने के दौरान काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। सूचना मिलने पर बीडीओ चंदन प्रसाद, सीओ सुमित कुमार झा, उपप्रमुख अश्विनी मिश्रा समेत कई जनप्रतिनिधि अस्पताल पहुंचे और घायलों के इलाज की जानकारी ली।

अस्पताल में उमड़ी भीड़, पुलिस ने संभाला मोर्चा

दो लोगों की मौत की खबर मिलते ही अस्पताल में परिजनों और ग्रामीणों की भारी भीड़ जुट गई। अपनों को खोने का दर्द अस्पताल परिसर में साफ दिखाई दिया। महिलाओं की चीत्कार और परिजनों का विलाप सुनकर वहां मौजूद लोग भी भावुक हो उठे। हालात को देखते हुए पुलिस ने अतिरिक्त बल तैनात किया और सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए सीमित संख्या में लोगों को ही अस्पताल के भीतर जाने की अनुमति दी गई।

हादसे के कारणों की जांच शुरू

पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार वाहन अनियंत्रित होने के बाद घर में घुसा, हालांकि हादसे के पीछे की सटीक वजह का पता लगाने के लिए जांच जारी है।

Related Articles

Back to top button