मेरठ रेंज में 969 किमी के दायरे में 28 मार्गों पर संचालित होगी कांवड़ यात्रा, 148 बैरियर स्थापित
सभी कांवड़िये प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें।
Meerut News: मेरठ सहित रेंज के सभी जिलों बागपत, हापुड, बुलंदशहर में कांवड़ यात्रा की तैयारी पूरी कर ली गई है। मेरठ रेंज के डीआईजी कलानिधि नैथानी ने बताया कि सावन महीने में कांवड़ यात्रा-2026 पर मेरठ रेंज मे 969 किमी के प्रमुख 28 मार्गों पर कांवड़ यात्रा चलेगी। इस दौरान 32 प्रमुख मन्दिरों पर जलाभिषेक की तैयारी है। कांवड़ यात्रा को सुरक्षित, सुव्यवस्थित एवं सुगम बनाने के उद्देश्य से मेरठ रेंज के सभी जिलों में कांवड़ मार्गों पर व्यापक पुलिस प्रबन्ध किये जा रहे है। श्रद्धालुओं की सुरक्षा व आपदा स्थिति के दृष्टिगत घाटों पर 157 नाव व 139 प्रशिक्षित गोताखोरों को तैनात किया गया है जिससे कि कोई अप्रिय घटना घटित न हो सके। इसके साथ ही घाटों के आसपास डबल बैरिकेटिंग, साइन बोर्ड, प्रकाश की व्यवस्था, पार्किग, कन्ट्रोल रुम व खोया पाया केन्द्र, पीए सिस्टम, वॉच टॉवर तथा एनडीआरएफ/एसडीआरएफ की टीमे भी नियुक्त की गयी है। ताकि श्रद्धालु/कांवडियों को किसी प्रकार की कोई समस्या न हो।
कांवड़ मार्ग, बैरियर व जलाभिषेक वाले प्रमुख शिव मन्दिरों का विवरण
मेरठ में मुख्य सात कावंड़ मार्ग होंगे। जिनकी दूरी 228 किमी होगी और इसमें 26 बैरियर लगाए जाएंगे। मेरठ में 13 प्रमुख मंदिरों में जलाभिषेक किया जाएगा। इसके अलावा मेलों की संख्या तीन होगी ।
बुलंदशहर में 446 किमी में 65 बैरियर
कांवड़ यात्रा के दौरान बुलन्दशहर में 446 किमी के दायरे में 10 मुख्य कावंड़ मार्ग होंगे। इसमें 65 बैरियर बनाए जाएंगे। 10 प्रमुख मंदिरों में जलाभिषेक होगा और 5 जगहों पर सावन का मेला लगाया जाएगा। इसी प्रकार बागपत जिले में 6 मुख्य कावंड़ मार्ग 164 किमी के दायरे में होंगे। जिसमें सुरक्षा के लिए 51 बैरियर लगाए जाएंगे। पुरा महादेव में जलाभिषेक की व्यवस्था की जाएगी। हापुड़ में पांच प्रमुख्य कांवड़ मार्ग बनाए जाएंगे। जो कि 131 किमी के दायरे में रहेंगे और छह बैरियर सुरक्षा के लिए होंगे। हापुड़ में जलाभिषेक के प्रमुख मन्दिरों की संख्या आठ होगी और जिले में तीन मेला लगाए जाएंगे।
कांवड़ यात्रा के दौरान घाटों पर व्यस्था
मेरठ में 35 गोताखोर और 12 नाव तैनात की जाएगी। बुलन्दशहर में 58 गोताखोर और 37 नाव तैनात की जाएगी। बागपत में 20 गोताखोर और आठ नाव तैनात होंगी जबकि हापुड़ में 26 गोताखोर और 100 नाव तैनात की जाएगी। डीआईजी ने रेंज के सभी जनपदों को निर्देश दिए कि नाविक व गोताखोरों को मौके पर ब्रीफ करें तथा सभी नावों में लाइफ जैकेट अवश्य रहे। साथ ही नहर,नदी के आसपास वाली पुलिस चौकियों व पुलिस मोबाइल में भी लाइफ जैकेट रखी जाए एवं जलाभिषेक के प्रमुख मन्दिरों, मेला प्रबन्धकों के साथ गोष्ठी कर ली जाए।
उन्होंने कहा कि सभी कांवड़िये प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें। निर्धारित घाटों एवं मार्गों का ही उपयोग करें। गहरे पानी में जाने से बचें तथा किसी भी आपात स्थिति,संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल कंट्रोल रूम को दें। प्रशासन एवं श्रद्धालुओं के पारस्परिक सहयोग से ही कांवड़ यात्रा सुरक्षित, शांतिपूर्ण एवं सफलतापूर्वक सम्पन्न होगी।



