गाजियाबाद सब्जी मंडी में बढ़ गए प्याज और हरी सब्जियों के दाम, देखे लिस्ट
हरा धनिया 300 रुपये किलो तो अदरक बिक रही 50 रुपये पाव
Ghaziabad News: सब्जियों की कीमत में आई तेजी का असर लोगों की जेब पर पड़ रहा है। प्याज की कीमतों ने लोगों के आंसू निकाल दिए हैं और भिंड़ी भी तेवर दिखा रही है। आमतौर पर बारिश के मौसम में भिंड़ी के दाम जमीन पर होते थे लेकिन इस बार भिंड़ी की कीमत भी बढ़ गई है।
अन्य राज्यों में बारिश के चलते सब्जी मंडी में आवक कम होने से कीमतों में तेजी आई है।
100 रुपये की जगह अब 200 रुपये खर्च करने पड़ रहे
मंडी में सब्जी विक्रेताओं का कहना है कि बारिश से फसल खराब होने का असर सीधे आम लोगों की जेब पर पड़ा है। पहले 100 रुपये में आसानी से घर की जरूरत की सब्जियां आती थीं, लेकिन अब 200 रुपये खर्च करने के बाद भी सब्जी की उतनी खरीदारी नहीं हो पा रही है। पुराना बस अड्डा स्थित सब्जी मंडी के व्यापारी अंजुम अली का कहना है कि लोग पहले एक किलो सब्जी खरीदते थे। लेकिन अब इधर 15 दिन से आधा किलो खरीदकर ही काम चलाना पड़ रहा है। सब्जी मंडी व्यापारियों को उम्मीद है कि मौसम सामान्य होते ही मंडियों में सब्जियों की आवक बढ़ेगी और कीमतों में भी राहत मिलेगी।
रसोई पर पड़ रहा बारिश का असर
बारिश ने जहां गर्मी से राहत दिलाई तो वहीं दूसरी ओर इसका सीधा असर रसोई पर भी पड़ रहा है। लगातार हो रही बारिश से खेतों में सब्जियों की फसल खराब होने से मंडियों में सब्जी की आवक कम हुई है। नतीजा रोजमर्रा में इस्तेमाल होने वाली सब्जियों के दाम दोगुने तक हो गए हैं।
ग्राहकों का बजट बिगड़ गया
गाजियाबाद की सब्जी मंडी में बढ़ती महंगाई के कारण न सिर्फ ग्राहकों का बजट बिगड़ रहा है। बल्कि कारोबारियों की चिंता बढ़ी है। लोगों का घरेलू बजट बिगड़ जाने से वे परेशान हैं।
जो सब्जी पहले 30 रुपये प्रति किलो मिल जाती थीं, वो अब 60 से 80 रुपये प्रति किलो तक बिक रही हैं। बढ़ती कीमतों के कारण लोग जरूरत भर की ही सब्जियां खरीद रहे हैं और पहले के मुकाबले कम मात्रा में खरीदारी कर रहे हैं।
किस सब्जी के कितने बढ़ गए दाम
मंडी में इस समय लगभग हर सब्जी के दाम आसमान छू रहे हैं। टमाटर 50 से 60 रुपये प्रति किलो, अदरक 250 से 300 रुपये प्रति किलो, प्याज 50 से 60 रुपये प्रति किलो, हरा धनिया 300 रुपये प्रति किलो, अरबी 50 से 60 रुपये प्रति किलो, खीरा 50 रुपये प्रति किलो, करेला 60 और लौकी 50 रुपये प्रति किलो बिक रही हैं। भिंडी इन दिनों 80 रुपये प्रति किलो है। गोभी इन दिनों 200 रुपये प्रति किलो है जबकि शिमला मिर्च 120 रुपये किलो तक पहुंच गई हैं।
बारिश की वजह से खेतों में तैयार फसल खराब हो रही
सब्जी मंडी अध्यक्ष श्रीपाल का कहना है कि बारिश की वजह से खेतों में तैयार फसल खराब हो रही है। खासकर जमीन में होने वाली सब्जियों का उत्पादन प्रभावित हो रहा है। इस समय मंडियों में मुख्य रूप से बेल पर उगने वाली सब्जियां पहुंच रही हैं, लेकिन उनकी मात्रा मांग के मुकाबले काफी कम है। गाजियाबाद की सब्जी मंडी में गोभी शिमला से आती है और धनिया बेंगलुरु से आता है। जबकि लौकी और तोरी स्थानीय किसानों से मंडी में पहुंचती हैं। सीमित आपूर्ति के कारण कीमतें बढ़ी हैं और यह स्थिति सितंबर तक रहने का अनुमान है।महंगाई के चलते लोग कम खरीदारी कर रहे हैं।
जो परिवार पहले 100 रुपये में कई दिनों की सब्जी खरीद लेता था अब उसे वही सब्जियां लेने के लिए लगभग 200 रुपये खर्च करने पड़ रहे हैं। जिन घरों का मासिक सब्जी का खर्च करीब दो हजार रुपये था वह अब बढ़कर लगभग पांच हजार रुपये तक पहुंच गया है। महंगाई के कारण ग्राहक कम खरीदारी कर रहे हैं। जिससे मंडियों में ग्राहकों की पहले जैसी रौनक नहीं दिखाई दे रही।
गाजियाबाद मंडी में सब्जी का भाव
सब्जी .. पहले(किग्रा)………अब (किग्रा)
लौकी .. 30 रुपये………….50 रुपये
कद्दू …40 रुपये …………60 रुपये
तरोई …40 रुपये …………60 रुपये
भिंडी …50 रुपये …………80 रुपये
प्याज …30 रुपये …………50 रुपये
गाजर …60 रुपये …………80 रुपये
शिमला मिर्च..80 रुपये……….120 रुपये
अदरक …..200 रुपये……….250—300 रुपये
हरी धनिया… 200 रुपये………300 रुपये
टमाटर ……30 रुपये ……….50 रुपये
गोभी……..120 रुपये………..200 रुपये



