उत्तर प्रदेशमेरठराज्य

कांवड़ यात्रा-2026: एनएच-58 पर भारी वाहन प्रतिबंधित, मेरठ में रूट डायवर्जन लागू

कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुविधा एवं सम्मान को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाये।

कांवड़ यात्रा-2026 : मेरठ में कांवड़ यात्रा 2026 को सकुशल, शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित रूप से सम्पन्न कराने के दृष्टिगत सीसीएस विश्वविद्यालय के हॉल में जिलाधिकारी मेरठ डॉक्टर वीके सिंह एवं एसएसपी मेरठ अविनाश पांडे ने अधिकारियों की ब्रीफिंग कर जरूरी दिशा-निर्देश दिए है। इसी के साथ 29 जुलाई की रात 12 बजे से एनएच 58 पर भारी वाहन प्रतिबंधित कर दिए गए हैं। मेरठ जिले में भी रूट डायवर्जन प्लान लागू कर दिया गया है। शहर के हर मार्ग पर भारी वाहन प्रतिबंधित रहेंगे।


पुलिस-प्रशासनिक अधिकारी रहे मौजूद
कांवड़ यात्रा-2026 को सकुशल, शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित रूप से सम्पन्न कराये जाने के दृष्टिगत सीसीएस विश्वविद्यालय के बहुउद्देशीय हॉल में जिलाधिकारी एवं एसएसपी की ब्रीफिंग में जनपद के पुलिस अधीक्षकगण, समस्त क्षेत्राधिकारीगण, थाना प्रभारीगण, एसडीएम/एसीएम, प्रशासनिक अधिकारीगण एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी/कर्मचारीगण उपस्थित रहे।


आपातकालीन व्यवस्थाओं की समीक्षा
ब्रीफिंग के दौरान कांवड़ यात्रा की सुरक्षा व्यवस्था, यातायात व्यवस्था, श्रद्धालुओं की सुविधा, शिविर व्यवस्था, मार्गों की सुगमता, विभागीय समन्वय, कानून-व्यवस्था एवं आपातकालीन व्यवस्थाओं की समीक्षा की गयी। सम्बन्धित अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि सभी विभाग समय रहते शेष कार्यों को पूर्ण करायें, वरिष्ठ अधिकारी स्वयं मौके पर उपस्थित रहकर व्यवस्थाओं का पर्यवेक्षण करें तथा किसी भी समस्या की सूचना पर तत्काल प्रभावी कार्यवाही सुनिश्चित की जाये।


खाद्य सामग्री विक्रेताओं के लाइसेंस की जांच
खाद्य सुरक्षा विभाग को निर्देशित किया गया कि कांवड़ मार्गों पर स्थित ढाबों, रेस्टोरेंट, रेहड़ी-पटरी एवं खाद्य सामग्री विक्रेताओं के लाइसेंस/अस्थायी लाइसेंस की जांच करायी जाये। सभी विक्रेताओं द्वारा लाइसेंस एवं रेट लिस्ट स्पष्ट रूप से प्रदर्शित करायी जाये, ताकि कांवड़ यात्रियों एवं विक्रेताओं के मध्य किसी प्रकार के विवाद की स्थिति उत्पन्न न हो तथा कानून-व्यवस्था बनी रहे।
सांप से बचाव के लिए निर्देश
बारिश के दृष्टिगत कांवड़ शिविरों में सांप आदि से बचाव हेतु भी आवश्यक निर्देश दिए गए। वन विभाग एवं कृषि विभाग द्वारा संयुक्त रूप से एसओपी तैयार कर शिविर संचालकों को उपलब्ध करायी जायेगी, जिससे शिविर स्थलों पर आवश्यक सावधानियां बरती जा सकें। शिविर संचालकों को भी अपने स्तर से सुरक्षा एवं बचाव के उपाय सुनिश्चित करने हेतु निर्देशित किया गया।


क्षेत्र में सतर्क रहकर डयूटी के निर्देश
जिलाधिकारी एवं एसएसपी द्वारा सभी अधिकारियों/कर्मचारियों को निर्देशित किया गया कि कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुविधा एवं सम्मान को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाये। सभी अधिकारी अपने-अपने क्षेत्र में सतर्क रहकर ड्यूटी करें, विभागीय समन्वय बनाये रखें तथा कांवड़ यात्रियों को सुरक्षित एवं सुगम यात्रा उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें।

Related Articles

Back to top button