राज्यहरियाणा

हरियाणा में गुरु रविदास के 650वें प्रकाश पर्व की भव्य तैयारी, वाराणसी से आएगी पावन मिट्टी, योगी आदित्यनाथ रहेंगे मौजूद

चंडीगढ़: हरियाणा में संत शिरोमणि गुरु रविदास का 650वां प्रकाश पर्व इस वर्ष भव्य स्तर पर मनाया जाएगा। आयोजन को सफल बनाने के लिए राज्य सरकार उच्च स्तरीय समिति गठित करेगी, जो पूरे कार्यक्रम की रूपरेखा तैयार करेगी। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने मंत्रिमंडल की बैठक के बाद इसकी जानकारी देते हुए बताया कि इस आयोजन को सामाजिक समरसता और जनभागीदारी के साथ पूरे प्रदेश में मनाया जाएगा।

29 जुलाई को वाराणसी जाएगा हरियाणा का प्रतिनिधिमंडल

मुख्यमंत्री ने बताया कि 29 जुलाई को हरियाणा का एक प्रतिनिधिमंडल वाराणसी में आयोजित विशेष धार्मिक और आध्यात्मिक कार्यक्रमों में भाग लेगा। प्रतिनिधिमंडल वहां पूजन-अर्चना में शामिल होगा और संत शिरोमणि गुरु रविदास की जन्मस्थली से जुड़ी पावन मिट्टी प्राप्त करेगा।

पावन मिट्टी का कलश हरियाणा को सौंपा जाएगा

मुख्यमंत्री के अनुसार इस अवसर पर भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ तथा भारतीय जनता पार्टी अनुसूचित जाति मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष लाल सिंह आर्य की उपस्थिति में गुरु रविदास की जन्मस्थली की पावन मिट्टी से सुशोभित कलश हरियाणा के प्रतिनिधिमंडल को विधिवत सौंपा जाएगा।

30 जुलाई को गुरुग्राम पहुंचेगा पावन कलश

वाराणसी से लौटने के बाद प्रतिनिधिमंडल 30 जुलाई की शाम पावन कलश लेकर गुरुग्राम के सिरहौल बॉर्डर पहुंचेगा। यहां वरिष्ठ नेताओं द्वारा कलश का स्वागत किया जाएगा। इसके बाद कलश को गुरुग्राम स्थित श्री शीतला माता मंदिर में स्थापित किया जाएगा।

4 अगस्त से गांव-गांव पहुंचेगी पावन मिट्टी

मुख्यमंत्री ने बताया कि 4 अगस्त को इस पावन कलश की मिट्टी भारतीय जनता पार्टी हरियाणा के सभी 27 संगठनात्मक जिलों के जिला अध्यक्षों और सामाजिक प्रतिनिधियों को सौंपी जाएगी। इसके बाद यह पावन मिट्टी पूरे हरियाणा के गांव-गांव तक पहुंचाई जाएगी, ताकि संत गुरु रविदास के समरसता, समानता, सामाजिक न्याय और मानव कल्याण के संदेश को व्यापक स्तर पर लोगों तक पहुंचाया जा सके। यह अभियान ‘समरसता संकल्प अभियान’ के तहत संचालित किया जाएगा।

बैठक में कई वरिष्ठ अधिकारी और मंत्री रहे मौजूद

मुख्यमंत्री की ओर से दी गई जानकारी के दौरान कैबिनेट मंत्री कृष्ण बेदी, सूचना, जनसंपर्क, भाषा एवं संस्कृति विभाग के अतिरिक्त निदेशक मनीष लोहान, मुख्यमंत्री के मीडिया सलाहकार राजीव जेटली तथा मीडिया सचिव प्रवीण आत्रे भी उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button