मेरठ में हिस्ट्रीशीटर ने प्रेमिका को मारी तीन गोली, खुद भी की खुदकुशी
सिर में एक और पेट में दो गोलियां लगने से अनुष्का की हालत नाजुक है।
Meerut Crime News: मेरठ के थाना कंकरखेड़ा क्षेत्र के डिफेंस एन्क्लेव में हिस्ट्रीशीटर आदित्य ने अपनी प्रेमिका 12वीं की छात्रा की गोलियां मारने के बाद खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। पूरी वारदात CCTV में कैद हुई है। गोली लगने से घायल छात्रा को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने मौके से पिस्टल बरामद की है।
तीन साल से थी दोनों की जान पहचान
थाना कंकरखेड़ा में डिफेंस एन्क्लेव में जोनल पार्क के पास शिवलोकपुरी निवासी हिस्ट्रीशीटर आदित्य ने न्यू गोविंदपुरी निवासी 12वीं की छात्रा अनुष्का को तीन गोली मारीं। इसके बाद आरोपी ने अपने सीने में दो गोलियां मारकर खुदकुशी कर ली। सिर में एक और पेट में दो गोलियां लगने से अनुष्का की हालत नाजुक है। उसकी हालत चिंताजनक है। मौके पर पहुंचे एसएसपी एसएसपी अविनाश पांडेय, एसपी सिटी विनायक गोपाल भोसले, कंकरखेडा़ थाना पुलिस और फोेरेंसिक टीम ने जांच की। पुलिस ने मौके से दो पिस्टल और पांच खोखे बरामद किए। आदित्य और अनुष्का एक दूसरे से तीन साल से परिचित थे। दोनों के बीच घटना से पहले दस मिनट तक विवाद हुआ।
कंकरखेड़ा थाने का हिस्ट्रीशीटर था
एसपी सिटी ने बताया कि मृतक आदित्य ने वर्ष 2025 में आईटीआई की थी। उस पर छह से अधिक जानलेवा हमले और हथियार तस्करी के मामले दर्ज हैं। वह कंकरखेड़ा थाने का हिस्ट्रीशीटर था। वह जेल से जमानत पर 16 जून को बाहर आया था। जेल से आने के बाद से वह अनुष्का से बात करने का प्रयास कर रहा था। छात्रा ने उससे बात करने से मना कर दिया था। आदित्य ने छात्रा को बुधवार शाम डिफेंस एन्क्लेव के जोनल पार्क के पास बुलाया। छात्रा स्कूटी से और आदित्य बाइक से पहुंचा था। सीसीटीवी फुटेज में दिख रहा है कि दोनों के बीच करीब दस मिनट तक नोकझोंक और कहासुनी हो रही है। इसी बीच आदित्य ने पिस्टल निकालकर अनुष्का को तीन गोलियां मार दीं। इसके बाद आरोपी ने खुद के सीने में दो गोलियां मारकर खुदकुशी कर ली।
परिजनों से पूछताछ, मोबाइल कब्जे में
पुलिस ने मौके से अनुष्का और आदित्य के मोबाइल, उनकी स्कूटी व बाइक भी कब्जे में लिए हैं। पुलिस इनकी पड़ताल कर रही है। पुलिस परिजनों से पूछताछ कर रही है। आदित्य और अनुष्का का घर डिफेंस एन्क्लेव से तीन किमी दूर हैं। दोनों की कॉलोनियां पास में हैं। दोनों के घर के बाहर पुलिस बल तैनात कर दिया है। एसपी सिटी ने बताया कि इस मामले में देर रात तक छात्रा के परिजनों ने तहरीर नहीं दी है।



