श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए छह कंट्रोल रूम एवं 108 सब मजिस्ट्रेट तैनात
खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता एवं सुरक्षा सुनिश्चित करने हेतु खाद्य सुरक्षा विभाग की 14 टीमों का गठन
Ghaziabad News: कांवड़ यात्रा को सुरक्षित एवं ऐतिहासिक बनाने के लिए जिला प्रशासन ने पूरी तैयारी कर ली है। कांवड़ यात्रा की सभी तैयारियों की जिलाधिकारी रविंद्र कुमार मांदड मानिटरिंग कर रहे हैं। जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार मांदड़ ने सभी अधिकारियों को निर्देश दिया है कि आपसी समन्वय, सतर्कता एवं उत्तरदायित्व के साथ कांवड़ यात्रा को सम्पन्न कराए।
मुरादनगर गंगनहर पर विशेष सुरक्षा प्रबंध
जिलाधिकारी ने बताया कि मुरादनगर गंगनहर स्थित छोटा हरिद्वार सहित जनपद के सभी प्रमुख स्नान एवं जलाभिषेक स्थलों पर सुरक्षा एवं सुविधा के व्यापक प्रबंध किए गए हैं। श्रद्धालुओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए पर्याप्त पुलिस बल, गोताखोर दल, बैरिकेडिंग एवं निगरानी व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। कांवड़ मार्गों पर सुविधाओं की व्यापक व्यवस्था
जिलाधिकारी ने बताया कि कांवड़ यात्रा को सुगम एवं सुरक्षित बनाने के लिए सभी प्रमुख मार्गों को गड्ढामुक्त एवं स्वच्छ बनाया है। संपूर्ण कांवड़ मार्ग पर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने हेतु 6,970 स्ट्रीट लाइटों एवं जनरेटर की व्यवस्था की है। श्रद्धालुओं को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए विभिन्न स्थानों पर चिकित्सा शिविर स्थापित किए हैं। एम्बुलेंस सेवाओं को चौबीसों घंटे सक्रिय रखा गया है। सीसीटीवी, कंट्रोल रूम एवं मजिस्ट्रेट तैनाती से मॉनिटरिंग
कांवड़ यात्रा के दौरान सुरक्षा एवं निगरानी व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के लिए प्रमुख स्थलों एवं मार्गों पर सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से निगरानी की जा रही है। इसके लिए छह कंट्रोल रूम बनाए गए हैं तथा उनकी संपर्क व्यवस्थाएं सक्रिय कर दी गई हैं। यात्रा के सफल संचालन एवं प्रभावी पर्यवेक्षण हेतु 11 जोनल मजिस्ट्रेट, 24 सेक्टर मजिस्ट्रेट एवं 108 सब मजिस्ट्रेट की तैनाती की गई है।
24 घंटे सक्रिय रहेंगे कंट्रोल रूम, प्रत्येक सूचना पर कार्रवाई, जनपद में स्थापित कंट्रोल रूम के नंबर
कांवड़ यात्रा-2026 के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुविधा एवं समस्याओं के त्वरित निस्तारण हेतु जनपद में विभिन्न स्थानों पर कंट्रोल रूम स्थापित किए गए हैं, जो 24 घंटे सक्रिय रहकर कार्य करेंगे।
कलेक्ट्रेट मुख्यालय स्थित मुख्य कंट्रोल रूम — प्रभारी: परियोजना निदेशक, डीआरडीए। दूरभाष : 0120-2989508
राज चौपला, मोदीनगर स्थित कंट्रोल रूम — प्रभारी: उपायुक्त, जिला उद्योग एवं उद्यम प्रोत्साहन केंद्र। दूरभाष : 01232-299210
गंगनहर (छोटा हरिद्वार) स्थित कंट्रोल रूम — प्रभारी: मुख्य पशु चिकित्साधिकारी। दूरभाष : 01232-299212
मेरठ तिराहा स्थित कंट्रोल रूम — प्रभारी: उप श्रमायुक्त। दूरभाष : 0120-2989507
दुधेश्वरनाथ मंदिर स्थित कंट्रोल रूम — प्रभारी: नगर मजिस्ट्रेट। दूरभाष : 0120-2989506
टीलामोड़ स्थित कंट्रोल रूम — प्रभारी: जिला समाज कल्याण अधिकारी। दूरभाष : 0120-2989509
पुलिस कांवड़ सेल कंट्रोल रूम — प्रभारी: उपासना पाण्डेय, सहायक पुलिस आयुक्त, गाजियाबाद। मोबाइल : 7017652500
एनडीआरएफ कंट्रोल रूम — प्रभारी: नामित एनडीआरएफ अधिकारी। मोबाइल : 9412221035 दूरभाष : 0120-2766618
पार्किंग, पेयजल, भोजन एवं अन्य मूलभूत सुविधाएं
जिलाधिकारी ने बताया कि कांवड़ियों के वाहनों की पार्किंग हेतु पर्याप्त स्थान चिन्हित किए गए हैं। इसके अतिरिक्त पेयजल, शौचालय, विश्राम, चिकित्सा एवं शिविरों के संचालन हेतु निर्धारित होल्डिंग क्षेत्र विकसित किए गए हैं, जिससे श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
खाद्य पदार्थ की जांच के लिए 14 टीमों का गठन
खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता एवं सुरक्षा सुनिश्चित करने हेतु खाद्य सुरक्षा विभाग की 14 टीमों का गठन किया गया है, जो निरंतर निरीक्षण एवं प्रवर्तन की कार्रवाई कर रही हैं।



