करिअरशिक्षा

AIIMS CRE-5 के 7 ग्रुप कोड की परीक्षा रद्द, री-एग्जाम होगा; नई तारीख जल्द होगी घोषित

नई दिल्ली: अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स), नई दिल्ली ने कॉमन रिक्रूटमेंट एग्जामिनेशन (CRE)-5, 2026 से जुड़े सात ग्रुप कोड की परीक्षा दोबारा कराने का फैसला किया है। संस्थान ने स्पष्ट किया है कि इन सात ग्रुप कोड के लिए पहले आयोजित परीक्षा के अंक अंतिम मेरिट तैयार करने में मान्य नहीं होंगे। संबंधित अभ्यर्थियों का चयन केवल री-एग्जाम के प्रदर्शन के आधार पर किया जाएगा।

यह निर्णय 25 से 27 जुलाई 2026 के बीच आयोजित CRE-5 परीक्षा के बाद लिया गया। आधिकारिक सूचना के अनुसार, विशेषज्ञ समिति की सिफारिश और सक्षम प्राधिकारी की मंजूरी के बाद सात ग्रुप कोड के लिए पुनर्परीक्षा कराने का फैसला किया गया है।

एम्स ने स्पष्ट किया है कि यह निर्णय केवल उन्हीं उम्मीदवारों पर लागू होगा, जिन्होंने इन सात निर्धारित ग्रुप कोड के तहत परीक्षा दी थी। अन्य सभी ग्रुप कोड के अभ्यर्थियों की भर्ती प्रक्रिया पहले से निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार जारी रहेगी।

इन 7 ग्रुप कोड के लिए होगा री-एग्जाम

री-एग्जाम निम्नलिखित ग्रुप कोड के अभ्यर्थियों के लिए आयोजित किया जाएगा—

  • ग्रुप कोड 3 – डेटा एंट्री ऑपरेटर ग्रेड-ए, जूनियर एडमिनिस्ट्रेटिव असिस्टेंट (JAA), लोअर डिवीजन क्लर्क (LDC), अपर डिवीजन क्लर्क (UDC)
  • ग्रुप कोड 20 – पर्सनल असिस्टेंट (PA), पीए टू प्रिंसिपल (S), स्टेनोग्राफर, प्राइवेट सेक्रेटरी
  • ग्रुप कोड 28 – असिस्टेंट सिक्योरिटी ऑफिसर
  • ग्रुप कोड 32 – जूनियर मेडिकल रिकॉर्ड ऑफिसर (रिसेप्शनिस्ट), रिसेप्शनिस्ट
  • ग्रुप कोड 33 – जूनियर वार्डन, वार्डन, हॉस्टल वार्डन
  • ग्रुप कोड 48 – टेलीफोन ऑपरेटर
  • ग्रुप कोड 58 – सोशल सिक्योरिटी ऑफिसर, मैनेजर ग्रेड-II, सुपरिंटेंडेंट, सोशल सिक्योरिटी ऑफिसर (ऑडिट)

पुराने अभ्यर्थी ही होंगे पात्र

एम्स ने बताया कि जिन उम्मीदवारों को इन सात ग्रुप कोड के लिए पहले एडमिट कार्ड जारी किए गए थे, वही री-एग्जाम में शामिल होने के पात्र होंगे। हालांकि, इसके लिए उनके परीक्षा रिकॉर्ड का आधिकारिक सत्यापन किया जाएगा और पात्रता शर्तों की पुष्टि के बाद नए एडमिट कार्ड जारी किए जाएंगे।

नई परीक्षा तिथि अलग से होगी जारी

संस्थान ने कहा है कि री-एग्जाम की तिथि अलग से घोषित की जाएगी। परीक्षा कम समय के नोटिस पर भी आयोजित की जा सकती है, लेकिन अभ्यर्थियों को परीक्षा तिथि से कम से कम 10 दिन पहले सूचना उपलब्ध करा दी जाएगी।

री-एग्जाम का विस्तृत कार्यक्रम, एडमिट कार्ड और परीक्षा से संबंधित सभी दिशा-निर्देश एम्स की आधिकारिक वेबसाइट और अभ्यर्थियों के डैशबोर्ड पर जारी किए जाएंगे।

एम्स ने यह भी स्पष्ट किया है कि CRE-5 के अन्य सभी ग्रुप कोड की भर्ती प्रक्रिया पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार जारी रहेगी और उनके परिणाम अलग से घोषित किए जाएंगे। साथ ही मूल भर्ती विज्ञापन, उसके बाद जारी सभी नोटिस और संशोधन भी री-एग्जाम प्रक्रिया के दौरान प्रभावी रहेंगे।

Related Articles

Back to top button