अद्धयात्मजीवनशैली

सावन में शिव कृपा पाने के लिए रोज करें ये आसान उपाय, मान्यता है कि दूर होती हैं परेशानियां और मिलता है सुख-समृद्धि का आशीर्वाद

नई दिल्ली: हिंदू धर्म में सावन का महीना भगवान शिव की आराधना के लिए सबसे पवित्र माना जाता है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार इस पूरे माह भगवान शिव की विशेष पूजा-अर्चना करने से भक्तों की मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं। कहा जाता है कि सावन में श्रद्धा और विधि-विधान से किए गए पूजन, अभिषेक और मंत्र जाप से शिव कृपा प्राप्त होती है तथा जीवन में सुख, शांति और समृद्धि का संचार होता है।

बेलपत्र पर मंत्र लिखकर करें अर्पित

धार्मिक मान्यताओं के अनुसार यदि घर में नकारात्मकता, तनाव या आर्थिक परेशानियां बनी रहती हैं, तो सावन में प्रतिदिन बेलपत्र पर चंदन से ‘ॐ नमः शिवाय’ लिखकर शिवलिंग पर अर्पित करना शुभ माना जाता है। मान्यता है कि इससे घर में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है और सुख-शांति का वातावरण बनता है।

जल में काला तिल मिलाकर करें अभिषेक

भगवान शिव को जल अर्पित करना अत्यंत शुभ माना गया है। धार्मिक मान्यता है कि सावन के दौरान प्रतिदिन शिवलिंग पर जल में काला तिल मिलाकर अभिषेक करने से भोलेनाथ प्रसन्न होते हैं। ऐसा करने से मनोकामनाओं की पूर्ति और शुभ फलों की प्राप्ति होने की मान्यता है।

पंचामृत से अभिषेक करना माना जाता है शुभ

सावन में शिवलिंग का पंचामृत से अभिषेक विशेष फलदायी माना गया है। पंचामृत में दूध, दही, घी, शहद और शक्कर का उपयोग किया जाता है। धार्मिक मान्यता है कि इस विधि से अभिषेक करने पर धन संबंधी बाधाएं दूर होती हैं और समृद्धि के योग बनते हैं।

चंदन का तिलक लगाने की है मान्यता

भगवान शिव को चंदन अर्पित करना भी शुभ माना गया है। मान्यता के अनुसार पूजा के समय शिवलिंग पर चंदन अर्पित करने के बाद उसी चंदन का तिलक अपने मस्तक पर लगाने से सकारात्मक ऊर्जा बढ़ती है और करियर में उन्नति के अवसर प्राप्त हो सकते हैं।

‘ॐ नमः शिवाय’ मंत्र का करें नियमित जाप

पंचाक्षरी मंत्र ‘ॐ नमः शिवाय’ का जप भगवान शिव की उपासना में विशेष महत्व रखता है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार इस मंत्र का नियमित जाप करने से मन को शांति मिलती है, आत्मविश्वास बढ़ता है और जीवन की कठिनाइयों का सामना करने की शक्ति प्राप्त होती है।

Related Articles

Back to top button