मेरठ में नकली पुलिस चौकी, सीओ से लेकर दरोगा तक सभी फर्जी
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम गठित कर आरोपियों की तलाश की गयी।
Meerut News: मेरठ के थाना ब्रह्मपुरी क्षेत्र में पुलिस ने नकली पुलिस चौकी पकड़ी है। इस पुलिस चौकी में सीओ, एचएचओ, दारोगा और सिपाही सभी फर्जी थी। ये लोग पुलिस का फर्जी पुसिसकर्मी बनकर अपहरण, कर मारपीट, रंगदारी व धोखाधड़ी करते थे। पुलिस ने गिरोह के दो लोगों को गिरफ्तार किया है। बाकी की तलाश के लिए दबिश दी जा रही है।
बंधक बनाकर मारपीट की
पीड़ित नीरज पाल पुत्र शक्तिवीर सिंह द्वारा थाना ब्रह्मपुरी में तहरीर दी कि शशांक शर्मा, राहुल, आकाश व अन्य दो अज्ञात व्यक्तियों ने स्वयं को सीओ, एसएचओ और एसओ बताकर उसका अपहरण कर लिया। उसके बाद बंधक बनाकर मारपीट की। फर्जी पुलिस कार्यवाही व एनकाउंटर की धमकी देते हुए दो लाख की रंगदारी मांगी तथा उसके गूगल-पे खाते से दस हजार रुपये ट्रांसफर कर लिये। प्राप्त तहरीर के आधार पर थाना ब्रह्मपुरी पर मुकदमा दर्ज किया गया। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम गठित कर आरोपियों की तलाश की गयी।

पांच नेम प्लेट तथा विभिन्न प्रार्थना पत्र
पुलिस द्वारा राहुल पाल एवं आकाश को गिरफ्तार किया गया। दोनों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त मारुति ऑल्टो कार, एक नम्बर प्लेट, दो मोबाइल फोन, एक टेलीफोन, लैपटॉप, टैबलेट, कैलकुलेटर, वॉकी-टॉकी मय चार्जर, फोन-पे रिसीवर बॉक्स, पांच नेम प्लेट तथा विभिन्न प्रार्थना पत्र, फाइलें एवं अन्य कागजात बरामद किये गये। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उनका पांच सदस्यों का गिरोह इंस्टाग्राम के माध्यम से युवकों को अपने जाल में फंसाकर उन्हें बुलाता था तथा स्वयं को पुलिस अधिकारी बताकर अपहरण कर मोहकमपुर स्थित फर्जी कार्यालय में ले जाकर फर्जी एफआईआर दिखाकर रंगदारी वसूलता था। इसके लिए उन्होंने एक घर पर पुलिस चौकी भी फर्जी तरीके से खोली हुई है। जिससे कि लोग उनको असली पुलिस अधिकारी समझे।



