चलती ट्रेन के इंजन में हाई-वोल्टेज लाइन गिरते ही भड़की आग, उज्जैन में बड़ा रेल हादसा टला; यात्रियों ने कूदकर बचाई जान

उज्जैन: मध्य प्रदेश के उज्जैन जिले के महिदपुर रोड रेलवे स्टेशन पर रविवार को एक बड़ा रेल हादसा टल गया। रतलाम-कोटा पैसेंजर मेमू ट्रेन के इंजन पर अचानक 25 हजार केवी की हाई-वोल्टेज ओवरहेड बिजली लाइन टूटकर गिर गई। इसके बाद इंजन में शॉर्ट सर्किट हुआ और आग की लपटें उठने लगीं। घटना के बाद ट्रेन में करंट फैलने की आशंका से यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। कई यात्रियों ने अपनी जान बचाने के लिए चलती ट्रेन से छलांग लगा दी। इस घटना के चलते कुछ समय के लिए रेल यातायात भी प्रभावित रहा।
बताया जा रहा है कि रतलाम-कोटा पैसेंजर मेमू ट्रेन जैसे ही महिदपुर रोड रेलवे स्टेशन पहुंची, उसी दौरान 25 हजार केवी की हाई-वोल्टेज ओवरहेड बिजली लाइन टूटकर सीधे इंजन पर आ गिरी। तार गिरते ही इंजन में शॉर्ट सर्किट हुआ और उसके ऊपरी हिस्से में आग लग गई। इंजन से उठती आग की लपटें देखकर स्टेशन पर मौजूद लोगों और यात्रियों के बीच दहशत फैल गई।
घटना के कुछ ही पलों में पूरी ट्रेन खाली हो गई। यात्री घबराकर ट्रेन से उतर गए और सुरक्षित स्थानों की ओर भागने लगे। आग और करंट के खतरे को देखते हुए कई यात्रियों ने ट्रेन से कूदकर अपनी जान बचाई। सूचना मिलने पर दमकल की टीम मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया। घटना के कारण कुछ देर तक रेल संचालन भी प्रभावित रहा। राहत की बात यह रही कि सभी यात्रियों के सुरक्षित होने की जानकारी सामने आई है।
रेलवे ने जांच के दिए निर्देश
घटना को लेकर रेलवे अधिकारियों का कहना है कि यह एक हादसा है और पूरे मामले की जांच कराई जा रही है। वहीं, यात्रियों का आरोप है कि पिछले दो महीनों में इस क्षेत्र में तीन से चार बार इसी तरह की घटनाएं हो चुकी हैं। उनका कहना है कि कई बार शिकायत किए जाने के बावजूद रेलवे प्रबंधन और जिम्मेदार अधिकारियों ने कोई प्रभावी कदम नहीं उठाया। हालांकि इस बार सभी यात्री सुरक्षित रहे, लेकिन घटना ने रेलवे की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।



