उत्तर प्रदेश

मानसून सत्र में भावुक हुए मुख्यमंत्री योगी, बोले- ‘आलम बदी ने साबित किया, जनता की सेवा में उम्र कभी बाधा नहीं बनती’

लखनऊ: उत्तर प्रदेश विधानसभा के मानसून सत्र के पहले दिन मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने वर्तमान विधानसभा सदस्य आलम बदी के निधन पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान उन्होंने विधानसभा के 21 पूर्व सदस्यों को भी श्रद्धासुमन अर्पित किए। मुख्यमंत्री ने कहा कि आलम बदी का सार्वजनिक जीवन हर जनप्रतिनिधि के लिए प्रेरणा है और उन्होंने अपने कार्यों से यह सिद्ध किया कि यदि जनप्रतिनिधि जनता और अपने क्षेत्र के प्रति पूरी निष्ठा से समर्पित रहे तो उम्र कभी भी सफलता की बाधा नहीं बनती।

मुख्यमंत्री ने कहा कि आलम बदी का निधन 23 जुलाई को हुआ था। उनकी आयु 90 वर्ष से अधिक थी और वह लंबे समय से अस्वस्थ चल रहे थे। वह वर्तमान विधानसभा के सबसे वरिष्ठ और वयोवृद्ध सदस्य थे। उनका जन्म 16 मार्च 1936 को आजमगढ़ जिले के बिंदवल गांव में हुआ था।

पांच बार विधायक चुने गए थे आलम बदी

मुख्यमंत्री ने बताया कि आलम बदी वर्ष 1996 के मध्यावधि विधानसभा चुनाव में पहली बार विधायक निर्वाचित हुए थे। इसके बाद उन्होंने 2002, 2012, 2017 और 2022 में आजमगढ़ की निजामाबाद विधानसभा सीट से समाजवादी पार्टी के उम्मीदवार के रूप में जीत दर्ज की। वर्तमान विधानसभा में वह पांचवीं बार सदस्य बने थे।

विधानसभा की कई समितियों में निभाई जिम्मेदारी

आलम बदी विधानसभा की विभिन्न समितियों में सक्रिय भूमिका निभाते रहे। वर्तमान कार्यकाल में वह विधानसभा की आचार समिति के सदस्य भी थे। मुख्यमंत्री ने कहा कि उम्र के अंतिम पड़ाव तक उनकी सक्रिय राजनीति और जनसंपर्क की प्रतिबद्धता अन्य जनप्रतिनिधियों के लिए प्रेरणास्रोत रही।

सादगी, साफ छवि और जनसेवा के लिए थे प्रसिद्ध

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि आलम बदी सरल स्वभाव, विनम्र व्यक्तित्व और जनसामान्य से जुड़े लोकप्रिय नेता थे। उत्तर प्रदेश की राजनीति में उन्हें सादगी और बेदाग सार्वजनिक जीवन के लिए जाना जाता था। समाज के गरीब और वंचित वर्ग के उत्थान, शिक्षा के प्रसार तथा सामाजिक कार्यों में उनकी विशेष रुचि रही। उन्होंने सदन में हमेशा अपने क्षेत्र की मूलभूत समस्याओं को मजबूती से उठाया और जनता के हितों के लिए निरंतर कार्य किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि आलम बदी के निधन से प्रदेश ने एक अनुभवी जनप्रतिनिधि, कुशल राजनीतिज्ञ और समर्पित समाजसेवी को खो दिया है।

21 पूर्व विधायकों को भी दी श्रद्धांजलि

मुख्यमंत्री ने पूर्व सदस्य राजेंद्र त्रिपाठी, भोला पांडेय, अमिताभ लवानिया, सुब्बाराम, जगन्नाथ चौधरी, रामप्यारे आजाद, गोपीनाथ वर्मा, यशपाल सिंह, राधेश्याम भारती, संग्राम सिंह, हरिनारायण राजभर, डॉ. भगवत दयाल, अरुण कुमार सिंह ‘मुन्ना’, ओमवती देवी, मोहर सिंह, अफसर यू अहमद, तेजभान सिंह, रुद्र प्रताप सिंह, प्यारेलाल शंखवार, ओमकार सिंह और हनुमंत सिंह के निधन पर भी शोक व्यक्त करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।

Related Articles

Back to top button