अन्तर्राष्ट्रीय

इथियोपिया में बारिश का कहर, भूस्खलन में 14 लोगों की मौत; कई लापता, मलबे में दबे होने की आशंका

अदीस अबाबा: पूर्वी अफ्रीकी देश इथियोपिया के अमहारा क्षेत्र में सोमवार सुबह भारी बारिश के चलते हुए भूस्खलन में 14 लोगों की जान चली गई, जबकि सात लोग घायल हो गए। अधिकारियों के अनुसार कई लोगों के अब भी मलबे में दबे होने की आशंका है। घटनास्थल पर राहत और बचाव अभियान लगातार जारी है।

धार्मिक अनुष्ठान के दौरान हुआ दर्दनाक हादसा

यह हादसा त्सादकाने देब्रे मिटमाक सेंट मैरी मठ में हुआ, जहां सैकड़ों श्रद्धालु पवित्र जल से शुद्धिकरण के धार्मिक अनुष्ठान में शामिल होने पहुंचे थे। यह धार्मिक परंपरा लंबे समय से बीमारियों से राहत और आध्यात्मिक उपचार से जुड़ी आस्था का हिस्सा मानी जाती है।

सुबह सात बजे हुआ हादसा, कई शवों की पहचान मुश्किल

डायोसीज के महाप्रबंधक मेगाबे हादिस नेका तिबेब अबाबू ने बताया कि हादसा सुबह करीब सात बजे हुआ। उन्होंने कहा कि मृतकों में से 11 लोगों का अंतिम संस्कार मठ परिसर में कर दिया गया है, जबकि अन्य शव उनके गृह नगर भेजे गए हैं। कुछ शवों की पहचान करना भी मुश्किल हो रहा है। उनके अनुसार कई लोगों के अब भी मलबे में दबे होने की आशंका बनी हुई है।

अस्पताल में चल रहा घायलों का इलाज

गंभीर रूप से घायल लोगों को नॉर्थ शेवा प्रशासनिक क्षेत्र की राजधानी देब्रे बिरहान स्थित अस्पताल में भर्ती कराया गया है। स्थानीय प्रशासन के मुताबिक, आपदा प्रबंधन विभाग की विशेषज्ञ टीम मौके पर पहुंच चुकी है और राहत एवं बचाव अभियान तेजी से चलाया जा रहा है।

बारिश के मौसम में बढ़ जाते हैं ऐसे हादसे

इथियोपिया में जून से सितंबर के बीच होने वाली बारिश के दौरान भूस्खलन और बाढ़ की घटनाएं अक्सर सामने आती हैं। जुलाई 2024 में दक्षिणी इथियोपिया में हुए भीषण भूस्खलन में कम से कम 257 लोगों की मौत हुई थी। वहीं, इसी वर्ष की शुरुआत में गामो क्षेत्र में हुए एक अन्य हादसे में 100 से अधिक लोगों की जान चली गई थी। रिपोर्ट के अनुसार, जलवायु परिवर्तन और कमजोर बुनियादी ढांचे के कारण देश में ऐसी प्राकृतिक आपदाओं का खतरा लगातार बढ़ता जा रहा है।

Related Articles

Back to top button