देहरादून: उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने राज्य के विभिन्न जिलों में विकास कार्यों और निर्माण परियोजनाओं के लिए लगभग 5 करोड़ रुपये की वित्तीय स्वीकृति प्रदान की है। स्वीकृत योजनाओं में मंदिरों का सौंदर्यीकरण, सड़क निर्माण, सुरक्षा कार्य और खेल सुविधाओं के लिए आर्थिक सहायता शामिल है। मुख्यमंत्री ने विभिन्न परियोजनाओं के लिए प्रथम किश्त जारी करने के प्रस्तावों को भी मंजूरी दी है।
पौड़ी और पिथौरागढ़ की धार्मिक परियोजनाओं को मिली मंजूरी
मुख्यमंत्री ने पौड़ी जिले के यमकेश्वर विधानसभा क्षेत्र के विकासखंड द्वारीखाल स्थित कठुड़ बड़ा, देवीखाल में मां बाल कुंवारी माता मंदिर के सौंदर्यीकरण के लिए 72.67 लाख रुपये की स्वीकृति देते हुए प्रथम किश्त के रूप में 43.60 लाख रुपये जारी करने को मंजूरी दी है।
इसी क्रम में विकासखंड दुगड्डा के महाबगढ़ मंदिर के सौंदर्यीकरण के लिए 1.69 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं, जिनमें प्रथम किश्त के रूप में 1.02 करोड़ रुपये जारी किए जाएंगे।
पिथौरागढ़ जिले के डीडीहाट विधानसभा क्षेत्र में श्री हरिचंद देवता मंदिर को मास्टर प्लान के तहत विकसित करने के लिए 1.42 करोड़ रुपये की स्वीकृति दी गई है। इसके तहत प्रथम किश्त के रूप में 85.08 लाख रुपये जारी करने का अनुमोदन किया गया है।
नंदा देवी, गुरु गोरखनाथ और मोस्टामानू मंदिर के लिए भी स्वीकृति
मुख्यमंत्री ने पिथौरागढ़ विधानसभा क्षेत्र के ग्राम मिलम स्थित नंदा देवी मंदिर के सौंदर्यीकरण के लिए 90.16 लाख रुपये स्वीकृत करते हुए प्रथम किश्त के रूप में 54.09 लाख रुपये जारी करने की मंजूरी दी है।
अल्मोड़ा जिले के सल्ट विधानसभा क्षेत्र के कलझीपा जोशी स्थित गुरु गोरखनाथ मंदिर के सौंदर्यीकरण के लिए 99.61 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं। इसके तहत प्रथम किश्त के रूप में 59.76 लाख रुपये जारी किए जाएंगे।
इसके अलावा डीडीहाट विधानसभा क्षेत्र के मोस्टामानू मंदिर के सौंदर्यीकरण कार्य के लिए स्वीकृत 98.27 लाख रुपये की परियोजना में शेष 39.31 लाख रुपये जारी करने का भी अनुमोदन किया गया है।
सड़क और सुरक्षा कार्यों को भी मिली वित्तीय मंजूरी
मुख्यमंत्री ने चम्पावत विधानसभा क्षेत्र में तामली से रूपालीगाड़ होते हुए सीम तक मोटर मार्ग निर्माण के लिए 79.44 लाख रुपये स्वीकृत किए हैं। इस परियोजना के लिए प्रथम किश्त के रूप में 47.66 लाख रुपये जारी किए जाएंगे।
टिहरी जिले की नई टिहरी विधानसभा क्षेत्र के ग्राम पंचायत सिलकोट में जंगली जानवरों से बचाव के लिए घेरबाड़, जाल, सुरक्षा दीवार और नाकिल नामे से कुएं तक सीसी रेलिंग मार्ग निर्माण हेतु 93.85 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं। इसके लिए प्रथम किश्त के रूप में 56.31 लाख रुपये जारी करने की मंजूरी दी गई है।
उत्तरांचल प्रेस क्लब को भी मिली आर्थिक सहायता
मुख्यमंत्री ने देहरादून के रायपुर विधानसभा क्षेत्र स्थित उत्तरांचल प्रेस क्लब को खेल सामग्री खरीदने के लिए 5 लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान करने के प्रस्ताव को भी स्वीकृति दी है।




