झारखण्डराजनीति

JPSC विवाद पर बोले CM हेमंत सोरेन- ‘सीना चीरकर गंभीरता नहीं दिखा सकता’, छात्रों को न्याय का भरोसा

नई दिल्ली: झारखंड में JPSC की 14वीं संयुक्त सिविल सेवा प्रारंभिक परीक्षा को लेकर जारी छात्र आंदोलन के बीच मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का बड़ा बयान सामने आया है। राजधानी रांची के जयराम सिंह स्टेडियम में छात्र पिछले 11 दिनों से प्रदर्शन कर रहे हैं। अभ्यर्थी परीक्षा रद्द करने और कथित अनियमितताओं की CBI जांच की मांग कर रहे हैं। इसी बीच मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार इस पूरे मामले को गंभीरता से देख रही है और जांच के नतीजों का इंतजार किया जा रहा है।

क्या है पूरा विवाद?

झारखंड में 14वीं संयुक्त सिविल सेवा प्रतियोगिता परीक्षा 19 अप्रैल को आयोजित हुई थी। इसके बाद 21 अप्रैल को मॉडल उत्तर जारी कर अभ्यर्थियों से आपत्तियां मांगी गईं। 2 जुलाई को प्रारंभिक परीक्षा का परिणाम घोषित होने के बाद विवाद शुरू हुआ। सोशल मीडिया पर कुछ कथित OMR शीट वायरल हुईं, जिनके आधार पर चयन प्रक्रिया पर सवाल उठाए गए।

विवाद बढ़ने के बाद 25 से 27 जुलाई तक प्रस्तावित मुख्य परीक्षा स्थगित कर दी गई। प्रदर्शनकारी छात्रों का आरोप है कि वायरल हुई एक OMR शीट में संबंधित अभ्यर्थी ने 100 में केवल 48 प्रश्न हल किए थे, इसके बावजूद उसका चयन हो गया। छात्रों का कहना है कि इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।

CBI जांच की मांग, CID कर रही जांच

छात्रों ने कथित गड़बड़ियों की CBI जांच की मांग की है। हालांकि राज्य सरकार ने मामले की जांच CID को सौंप दी है। जांच एजेंसी पूरे मामले की पड़ताल कर रही है।

देवेंद्रनाथ महतो भूख हड़ताल पर

JPSC और JSSC में कथित अनियमितताओं के विरोध में देवेंद्रनाथ महतो रांची में भूख हड़ताल पर बैठे हैं। उन्होंने घोषणा की है कि जब तक दोनों भर्ती एजेंसियों में पूरी तरह पारदर्शिता और सुधार सुनिश्चित नहीं किए जाते, तब तक उनका अनशन जारी रहेगा।

देवेंद्रनाथ महतो ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से प्रदर्शनकारियों के बीच आकर बातचीत करने या फिर इस्तीफा देने की मांग भी की है। उनका कहना है कि जब तक छात्रों की मांगें पूरी नहीं होतीं, आंदोलन जारी रहेगा।

हेमंत सोरेन ने क्या कहा?

छात्रों के आंदोलन पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा, “मैंने पहले भी कहा है कि सरकार की आंखें और कान खुले हैं और वह इस पूरे मामले को लेकर संवेदनशील है। हम कितनी गंभीरता से काम कर रहे हैं, यह मैं सीना चीरकर नहीं दिखा सकता। जिस काम को हम हाथ में लेते हैं, उसे पूरा करते हैं। जांच टीम दिन-रात काम कर रही है। उसके नतीजों का इंतजार है। बहुत जल्द छात्रों और राज्य की जनता को पूरी जानकारी दी जाएगी। छात्रों की सभी जरूरतों का ध्यान रखा जाएगा और उन्हें न्याय मिलेगा।”

कल्पना सोरेन ने भी दिया भरोसा

छात्रों के प्रदर्शन को लेकर झारखंड मुक्ति मोर्चा की नेता और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की पत्नी कल्पना सोरेन ने भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि सरकार इस मुद्दे पर काम कर रही है और छात्रों की समस्याओं का समाधान निकाला जाएगा।

Related Articles

Back to top button