झारखण्डराज्य

झारखंड में भीषण सड़क हादसा: बेकाबू ट्रक ने एक ही परिवार के सात लोगों को कुचला, 4 महिलाओं और 3 बच्चों की मौत

खूंटी: झारखंड के खूंटी जिले में गुरुवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को दहला दिया। कर्रा थाना क्षेत्र के कर्रा-तोरपा मुख्य मार्ग पर जोने-लुदरू मोड़ के पास तेज रफ्तार अनियंत्रित ट्रक ने सड़क किनारे खड़े लोगों को कुचल दिया। इस भीषण दुर्घटना में एक ही परिवार के सदस्यों समेत सात लोगों की मौत हो गई। मृतकों में चार महिलाएं और तीन बच्चे शामिल हैं। जान गंवाने वालों में महज 11 महीने का एक मासूम भी है। वहीं, पांच साल की एक बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई, जिसका अस्पताल में इलाज चल रहा है। बताया जा रहा है कि सभी लोग सड़क पर हुई एक दुर्घटना की आवाज सुनकर मदद के लिए घरों से बाहर निकले थे, लेकिन कुछ ही देर में खुद हादसे का शिकार हो गए।

स्कूटी हादसे के बाद जुटी थी भीड़, तभी काल बनकर आया ट्रक

प्रत्यक्षदर्शियों और परिजनों के मुताबिक, गुरुवार रात जोने-लुदरू मोड़ के पास एक स्कूटी अनियंत्रित होकर सड़क किनारे झाड़ियों में जा गिरी थी। दुर्घटना की तेज आवाज सुनकर आसपास की बस्ती के लोग मौके पर पहुंचने लगे। वहां मौजूद लोग झाड़ियों में गिरे स्कूटी सवार को बाहर निकालने और उसकी मदद करने की कोशिश कर रहे थे। इसी दौरान तोरपा की ओर से तेज रफ्तार में आ रहा एक भारी ट्रक अनियंत्रित हो गया और सड़क किनारे खड़े लोगों को रौंदता चला गया। टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रक पुलिया की दीवार तोड़ते हुए नीचे गड्ढे में जा गिरा। हादसे के बाद ट्रक चालक और खलासी मौके से फरार हो गए।

एक ही परिवार के तीन सदस्यों की मौत, 11 महीने के मासूम ने भी तोड़ा दम

इस दुर्घटना में कौशांबी हरिजन कॉलोनी निवासी बिरसा नायक के परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। हादसे में उनकी पत्नी जयंती देवी, 20 वर्षीय बेटी अंजलि कुमारी और अंजलि के 11 महीने के बेटे सौरव नायक की मौत हो गई। इनके अलावा मानहू देवी, 65 वर्षीय पाको देवी, 12 वर्षीय गोलू कुमार और छह वर्षीय तूती कुमारी ने भी दम तोड़ दिया। हादसे में बिरसा नायक की पांच वर्षीय बेटी खुशबू कुमारी गंभीर रूप से घायल हुई है। उसे इलाज के लिए खूंटी सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पुलिस और स्वास्थ्यकर्मियों ने संभाला मोर्चा, सात लोगों को मृत घोषित किया

हादसे की जानकारी मिलते ही कर्रा थाना प्रभारी राजू कुमार पुलिस और स्वास्थ्यकर्मियों के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को वाहनों के जरिए खूंटी सदर अस्पताल पहुंचाया गया। वहां चिकित्सकों ने सात लोगों को मृत घोषित कर दिया। गंभीर रूप से घायल पांच वर्षीय बच्ची का अस्पताल में उपचार जारी है। हादसे के बाद इलाके में शोक का माहौल है।

Related Articles

Back to top button