
नई दिल्ली: दिल्ली सरकार ने इंजीनियरिंग और मेडिकल प्रवेश परीक्षाओं की तैयारी करने वाले मेधावी विद्यार्थियों के लिए नई पहल की है। इसके तहत सरकारी और मान्यता प्राप्त सहायता प्राप्त विद्यालयों में 12वीं कक्षा की विज्ञान संकाय में पढ़ रहे पात्र छात्रों को JEE और NEET जैसी राष्ट्रीय स्तर की परीक्षाओं की तैयारी के लिए एक वर्ष की निशुल्क आवासीय कोचिंग उपलब्ध कराई जाएगी। यह कार्यक्रम पुणे स्थित गैर-लाभकारी संस्था दक्षणा फाउंडेशन की छात्रवृत्ति योजना के तहत संचालित होगा।
शिक्षा निदेशालय ने स्कूलों को जारी किए निर्देश
योजना के क्रियान्वयन के लिए शिक्षा निदेशालय ने संबंधित सरकारी और सहायता प्राप्त विद्यालयों को परिपत्र जारी कर पात्र विद्यार्थियों का पंजीकरण कराने और आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। इस पहल का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर लेकिन प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को देश के प्रमुख इंजीनियरिंग और मेडिकल संस्थानों में प्रवेश की तैयारी का बेहतर अवसर उपलब्ध कराना है।
चयन परीक्षा के आधार पर मिलेगा प्रवेश
योजना के तहत विद्यार्थियों का चयन ‘जॉइंट दक्षणा सिलेक्शन टेस्ट (JSDT-2027)’ के माध्यम से किया जाएगा। इस परीक्षा का आयोजन दिसंबर 2026 में प्रस्तावित है। चयनित विद्यार्थियों को महाराष्ट्र के पुणे जिले के कडूस गांव स्थित दक्षणा वैली कैंपस में एक वर्ष की पूर्णतः निशुल्क आवासीय कोचिंग दी जाएगी।
छात्रों को नहीं देना होगा कोई शुल्क
चयनित विद्यार्थियों से कोचिंग, आवास या अन्य सुविधाओं के लिए किसी प्रकार का शुल्क नहीं लिया जाएगा। पूरी व्यवस्था छात्रवृत्ति योजना के तहत उपलब्ध कराई जाएगी, ताकि आर्थिक स्थिति प्रतिभा के मार्ग में बाधा न बने।
कौन कर सकता है आवेदन?
इस योजना का लाभ केवल दिल्ली के सरकारी या मान्यता प्राप्त सहायता प्राप्त विद्यालयों में विज्ञान संकाय से 12वीं कक्षा में अध्ययनरत विद्यार्थी ही उठा सकेंगे। इसके लिए आवेदक के परिवार की वार्षिक आय 3 लाख रुपये से कम होनी चाहिए और संबंधित विद्यालय की वार्षिक फीस 36 हजार रुपये से अधिक नहीं होनी चाहिए। इसके अलावा 10वीं कक्षा में गणित और विज्ञान विषयों में निर्धारित न्यूनतम अंक प्राप्त करना भी अनिवार्य होगा।



