
CM योगी आज करेंगे घुमंतू समाज से सीधा संवाद, विकास बोर्ड गठन के बाद पहली बड़ी बैठक, मिलेगा सम्मान
लखनऊ: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गुरुवार को लखनऊ स्थित अपने सरकारी आवास पर डीनोटिफाइड, नोमैडिक एवं सेमी-नोमैडिक ट्राइब्स (डीएनटी) समाज के प्रतिनिधियों से संवाद करेंगे। प्रस्तावित कार्यक्रम के तहत प्रतिनिधिमंडल उत्तर प्रदेश घुमंतू विकास बोर्ड के गठन के फैसले पर मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करेगा। इस दौरान मुख्यमंत्री समाज के प्रतिनिधियों से विभिन्न मुद्दों पर चर्चा भी करेंगे।
विकास बोर्ड गठन पर जताया जाएगा आभार
कार्यक्रम के अनुसार, डीएनटी समाज के प्रतिनिधि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का स्वागत एवं सम्मान करेंगे। इसके बाद मुख्यमंत्री प्रतिनिधियों को संबोधित करेंगे और समाज के सामाजिक तथा आर्थिक विकास से जुड़े विभिन्न विषयों पर विचार-विमर्श करेंगे। घुमंतू विकास बोर्ड के गठन के बाद यह इस समाज के साथ होने वाली पहली महत्वपूर्ण बैठक मानी जा रही है।
समाज कल्याण मंत्री और वरिष्ठ अधिकारी भी रहेंगे मौजूद
बैठक में समाज कल्याण राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) असीम अरुण भी मौजूद रहेंगे। उनके साथ समाज कल्याण विभाग के वरिष्ठ अधिकारी भी कार्यक्रम में शामिल होंगे। बैठक के दौरान घुमंतू समाज से जुड़े विभिन्न मुद्दों और योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर भी चर्चा होने की संभावना है।
घुमंतू विकास बोर्ड निभाएगा अहम भूमिका
उत्तर प्रदेश घुमंतू विकास बोर्ड का गठन विमुक्त, घुमंतू और अर्ध-घुमंतू समुदायों के सामाजिक-आर्थिक उत्थान के उद्देश्य से किया गया है। बोर्ड इन समुदायों की पहचान और सूचीकरण के साथ-साथ सरकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन, नीतिगत सुझाव तैयार करने, समस्याओं के समाधान और विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने का कार्य करेगा।



