उत्तर प्रदेश

अतीक अहमद परिवार पर फिर टूटा दुखों का पहाड़, सड़क हादसे में छोटे बेटे अबान की मौत; जानिए कैसे बिखरता चला गया पूरा कुनबा

प्रयागराज: माफिया अतीक अहमद के परिवार पर एक बार फिर बड़ा हादसा हुआ है। अतीक के सबसे छोटे बेटे अबान की झांसी में हुए एक सड़क हादसे में मौत हो गई। बताया जा रहा है कि वह अपने बड़े भाई से मिलने झांसी जेल जा रहा था। हादसे में उसके दोस्त की भी जान चली गई, जबकि तीन अन्य लोग घायल हुए हैं। इस घटना के बाद एक बार फिर अतीक अहमद के परिवार को लेकर चर्चा तेज हो गई है, जिसका कभी प्रयागराज में दबदबा माना जाता था।

अतीक अहमद और उसके भाई अशरफ की हत्या के बाद से परिवार लगातार मुश्किल दौर से गुजर रहा है। अब सड़क हादसे में अबान की मौत ने परिवार को एक और बड़ा झटका दिया है।

17 साल की उम्र में अपराध की दुनिया में रखा था कदम

अतीक अहमद के पिता हाजी फिरोज प्रयागराज में तांगा चलाते थे। शुरुआती दौर में पढ़ाई छोड़ने के बाद अतीक ने कम उम्र में ही अपराध की दुनिया का रुख कर लिया। बताया जाता है कि 17 वर्ष की उम्र में उस पर हत्या का पहला मामला दर्ज हुआ और इसके बाद उसने अपराध के रास्ते पर लगातार कदम बढ़ाए।

समय के साथ अतीक अहमद का नाम प्रदेश के चर्चित माफिया के रूप में सामने आया। उस पर हत्या, अपहरण, रंगदारी और कई अन्य गंभीर मामलों में मुकदमे दर्ज हुए। बाद में उसने राजनीति में भी प्रवेश किया और विधायक तथा सांसद भी बना।

हत्या के बाद लगातार बिखरता गया परिवार

अतीक अहमद और उसके भाई अशरफ की वर्ष 2023 में पुलिस सुरक्षा के बीच गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इसके बाद परिवार लगातार संकटों का सामना करता रहा। अब झांसी में हुए सड़क हादसे में सबसे छोटे बेटे अबान की मौत ने परिवार को एक और बड़ा आघात दिया है।

जानकारी के अनुसार, अबान अपने बड़े भाई से मिलने झांसी जेल जा रहा था। इसी दौरान उसकी कार दुर्घटनाग्रस्त हो गई, जिसमें उसकी और उसके दोस्त की मौत हो गई।

सड़क हादसे की जांच में जुटी पुलिस

पुलिस के अनुसार, झांसी के पूंछ थाना क्षेत्र में कानपुर-झांसी राष्ट्रीय राजमार्ग पर तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। हादसे में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य घायल हो गए। घायलों का मेडिकल कॉलेज में उपचार चल रहा है।पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।

Related Articles

Back to top button