राज्यहरियाणा

फतेहाबाद में मां ने दो बच्चों के साथ दी जान, दूध में जहरीला पदार्थ मिलाने का आरोप; फोन में मिला वीडियो

फतेहाबाद: हरियाणा के फतेहाबाद जिले के मेहूवाला गांव से दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। यहां 31 वर्षीय आंगनबाड़ी कार्यकर्ता सुदेश ने कथित तौर पर पहले अपने 9 साल की बेटी ज्योति और 8 साल के बेटे विनीत को जहरीला पदार्थ मिला दूध पिलाया और फिर खुद भी वही पदार्थ पी लिया। इसके बाद वह दोनों बच्चों के साथ फार्महाउस में बने पानी के टैंक में कूद गई। तीनों की मौत हो गई।

जानकारी के मुताबिक, घटना का पता चलने के बाद पड़ोसियों ने तीनों को पानी के टैंक से बाहर निकालने की कोशिश की, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। गुरुवार को सुदेश, ज्योति और विनीत के शव फार्महाउस के आंगन में बने करीब 10 फीट गहरे पानी के टैंक से बरामद किए गए।

फोन में मिला वीडियो, बच्चों को दूध पिलाती दिखी महिला

मामले की जांच के दौरान सुदेश के मोबाइल फोन से एक वीडियो मिलने की बात सामने आई है। बताया जा रहा है कि वीडियो में वह अपने दोनों बच्चों को जहरीला स्प्रे मिला दूध पिलाती नजर आ रही है। इसके बाद वह खुद भी उसी पदार्थ का सेवन करती दिखाई देती है।

वीडियो में सुदेश रोते हुए इस कदम के लिए अपने पति संदीप कुमार को जिम्मेदार ठहराती नजर आती है। यह भी बताया जा रहा है कि घटना से कुछ समय पहले उसने अपने इंस्टाग्राम खाते पर एक रील अपलोड की थी।

रिश्तेदार का आरोप, पति करता था मारपीट

पुलिस में दर्ज शिकायत के मुताबिक, सुदेश की शादी वर्ष 2014 में संदीप कुमार से हुई थी। मृतका के रिश्तेदार प्रवीण ने आरोप लगाया है कि संदीप शराब का आदी था और अक्सर सुदेश के साथ मारपीट करता था। शिकायत के अनुसार, घटना से एक दिन पहले भी दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था।

प्रवीण ने पुलिस को बताया कि घटना वाले दिन संदीप ने पहले उसे फोन कर पूछा था कि क्या सुदेश और बच्चे उनके घर आए हैं। इसके कुछ देर बाद संदीप ने दोबारा फोन किया और रोते हुए बताया कि तीनों के शव फार्महाउस के पानी के टैंक में मिले हैं।

पति के खिलाफ मामला दर्ज, जांच जारी

पुलिस ने मायके पक्ष की शिकायत और सुदेश के अंतिम वीडियो बयान के आधार पर संदीप कुमार के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। तीनों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए सिविल अस्पताल भेजा गया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और वीडियो समेत अन्य साक्ष्यों के आधार पर घटनाक्रम को समझने की कोशिश की जा रही है।

Related Articles

Back to top button