उत्तराखंडराज्य

चमोली टनल हादसा: 13 श्रमिकों का सुरक्षित रेस्क्यू, मौके पर पहुंचे DM गौरव कुमार; बचाव अभियान जारी

चमोली: मायापुर (पीपलकोटी) स्थित टीएचडीसी की निर्माणाधीन टनल में मलबा और पानी भरने की घटना के बाद जिला प्रशासन ने राहत एवं बचाव अभियान तेज कर दिया है। हादसे की सूचना मिलते ही जिलाधिकारी गौरव कुमार स्वयं घटनास्थल पर पहुंचे और रेस्क्यू ऑपरेशन की निगरानी शुरू कर दी। प्रशासन की टीमें लगातार मौके पर राहत एवं बचाव कार्य में जुटी हुई हैं।

टनल में फंसे 13 लोगों को सुरक्षित निकाला गया

टनल में फंसे लोगों में से अब तक 13 व्यक्तियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है। वहीं, अन्य प्रभावित लोगों को सुरक्षित निकालने के लिए रेस्क्यू अभियान लगातार जारी है। बचाव दल टनल के भीतर फंसे लोगों तक पहुंचने के लिए पूरी तत्परता के साथ काम कर रहे हैं।

कई एजेंसियां संयुक्त रूप से चला रहीं बचाव अभियान

घटनास्थल पर जिला प्रशासन और पुलिस के साथ एसडीआरएफ, एनडीआरएफ, आईटीबीपी, सेना तथा अन्य संबंधित एजेंसियों की टीमें मौजूद हैं। सभी टीमें आपसी समन्वय के साथ युद्धस्तर पर बचाव अभियान चला रही हैं। प्रशासन की ओर से रेस्क्यू कार्य के लिए जरूरी संसाधन और अन्य व्यवस्थाएं भी जुटाई जा रही हैं।

DM गौरव कुमार ने अधिकारियों को दिए जरूरी निर्देश

जिलाधिकारी गौरव कुमार ने घटनास्थल पर मौजूद अधिकारियों और बचाव दलों से स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने रेस्क्यू अभियान को पूरी तत्परता और बेहतर समन्वय के साथ संचालित करने के निर्देश दिए हैं। जिलाधिकारी स्वयं मौके पर रहकर बचाव कार्य की प्रगति पर नजर बनाए हुए हैं।

घटनास्थल पर लगातार रखी जा रही निगरानी

जिला प्रशासन की ओर से पूरे घटनाक्रम की लगातार निगरानी की जा रही है। टनल में फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकालना प्राथमिकता है और इसी दिशा में बचाव दल लगातार प्रयास कर रहे हैं।

Related Articles

Back to top button