उत्तराखंडराज्य

चमोली टनल हादसा: घायल श्रमिकों से मिले CM धामी, बोले- हर जान कीमती; सुरक्षित रेस्क्यू सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता

चमोली: मायापुर (पीपलकोटी) स्थित टीएचडीसी की निर्माणाधीन टनल में हुए हादसे के बाद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रेस्क्यू अभियान का जायजा लेने के बाद जिला अस्पताल गोपेश्वर पहुंचकर घायल श्रमिकों से मुलाकात की। मुख्यमंत्री ने अस्पताल में भर्ती श्रमिकों का हालचाल जाना और उनसे बातचीत कर उनके स्वास्थ्य एवं उपचार की जानकारी ली।

चिकित्सकों से उपचार व्यवस्था की जानकारी ली

मुख्यमंत्री ने घायल श्रमिकों से उनके स्वास्थ्य के बारे में जानकारी लेने के साथ अस्पताल में उपलब्ध चिकित्सा सुविधाओं की स्थिति भी जानी। उन्होंने चिकित्सकों से घायलों के उपचार को लेकर जानकारी ली और बेहतर से बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि घायल श्रमिकों के इलाज में किसी भी तरह की कमी नहीं होनी चाहिए। उन्होंने चिकित्सकों को स्वास्थ्य की लगातार निगरानी करने और आवश्यकता के अनुसार सभी जरूरी चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने को कहा।

‘प्रत्येक व्यक्ति की जान बेहद कीमती’

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति की जान सरकार के लिए बेहद कीमती है। उन्होंने कहा कि उपलब्ध सभी संसाधनों का इस्तेमाल राहत एवं बचाव अभियान में किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि टनल में फंसे प्रत्येक श्रमिक को सुरक्षित बाहर निकालना राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। रेस्क्यू अभियान में किसी भी स्तर पर कमी नहीं रहने दी जाएगी।

परिजनों को सूचना देने के लिए राज्यों के मुख्यमंत्रियों से की बात

मुख्यमंत्री ने बताया कि हादसे से प्रभावित श्रमिकों के परिजनों तक समय पर जानकारी पहुंचाने के लिए उन्होंने संबंधित राज्यों के मुख्यमंत्रियों से स्वयं बातचीत की है। इसके अलावा टनल हादसे के कारणों की जांच के लिए मजिस्ट्रियल जांच के आदेश भी दिए जा चुके हैं।

अस्पताल में अधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद

इस दौरान बद्रीनाथ विधायक लखपत सिंह बुटोला, जिला पंचायत अध्यक्ष दौलत सिंह बिष्ट, अपर जिलाधिकारी विवेक प्रकाश, मुख्य चिकित्साधीक्षक डॉ. राजीव पाल समेत अन्य संबंधित अधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button