पूर्णिया में आधी रात 12:01 बजे लहराया तिरंगा, 80 साल पुरानी परंपरा में फिर गूंजे भारत माता के जयकारे

पूर्णिया: बिहार के पूर्णिया शहर के झंडा चौक पर स्वतंत्रता दिवस के मौके पर इस साल भी आधी रात को तिरंगा फहराया गया। घड़ी की सुई जैसे ही 12 बजकर 1 मिनट पर पहुंची, झंडा चौक पर तिरंगा लहरा उठा। पूर्णिया में करीब 80 वर्षों से आधी रात को झंडोत्तोलन की यह परंपरा चली आ रही है।
स्वतंत्रता सेनानी परिवार के सदस्य ने फहराया तिरंगा
इस वर्ष झंडोत्तोलन स्वतंत्रता सेनानी परिवार के सदस्य विपुल सिंह ने किया। आधी रात के इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए। युवाओं के साथ महिलाएं और बुजुर्ग भी समारोह में मौजूद रहे और स्वतंत्रता दिवस के जश्न में शामिल हुए।
वाघा बॉर्डर के अलावा पूर्णिया में भी आधी रात का झंडोत्तोलन
पूर्णिया का झंडा चौक उन स्थानों में शामिल है जहां हर साल स्वतंत्रता दिवस पर आधी रात को तिरंगा फहराने की परंपरा है। देश में अंतरराष्ट्रीय वाघा बॉर्डर के अलावा पूर्णिया शहर में भी 12 बजकर 1 मिनट पर झंडोत्तोलन किया जाता है। करीब आठ दशक से चली आ रही इस परंपरा को लेकर हर साल स्थानीय लोगों में उत्साह देखने को मिलता है।
जनप्रतिनिधियों के पहुंचने से बढ़ा उत्साह
कार्यक्रम में जेडीयू नेता और पूर्णिया के पूर्व जिला पदाधिकारी मनीष वर्मा, विधायक विजय खेमका और मेयर विभा कुमारी भी अपने काफिले के साथ पहुंचे। जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी से आधी रात को स्वतंत्रता दिवस मनाने पहुंचे लोगों का उत्साह और बढ़ गया।
भारत माता के जयकारों से गूंजा झंडा चौक
तिरंगा फहराए जाने के बाद झंडा चौक पर कुछ देर तक भारत माता की जय के नारे गूंजते रहे। बड़ी संख्या में मौजूद युवाओं ने स्वतंत्रता दिवस का जश्न मनाया। महिलाओं और बुजुर्गों ने भी समारोह में हिस्सा लिया।



