बिहारराज्य

बिहार के छात्रों के लिए बड़ा ऐलान, हर महीने लगेगा सहयोग शिविर; 25 अगस्त से पोर्टल भी होगा शुरू

पटना: बिहार के स्कूलों और छात्रावासों में 25 अगस्त से सहयोग शिविर की शुरुआत होगी। शिक्षण संस्थानों में हर महीने के चौथे मंगलवार को आयोजित होने वाले इन शिविरों में छात्र-छात्राएं अपनी समस्याएं और सुझाव सीधे अधिकारियों के सामने रख सकेंगे। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने सोमवार को पटना के जेडी वीमेंस कॉलेज के सभागार में आयोजित कार्यक्रम में इसकी घोषणा की।

विद्यार्थी सहयोग पोर्टल की भी शुरुआत

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कार्यक्रम के दौरान ‘विद्यार्थी सहयोग पोर्टल’ का भी शुभारंभ किया। इस पोर्टल के जरिए छात्र-छात्राएं अपनी शैक्षणिक, छात्रावास और अन्य समस्याओं के साथ सुझाव भी दर्ज करा सकेंगे। पोर्टल की सेवा पूरी तरह निःशुल्क होगी और विद्यार्थियों की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।

1100 हेल्पलाइन नंबर जारी

सहयोग शिविर से जुड़ी जानकारी के लिए 1100 हेल्पलाइन नंबर भी उपलब्ध कराया गया है। सरकार के मुताबिक, किसी छात्र की शिकायत पर 10 दिनों के भीतर कार्रवाई शुरू नहीं होने पर 11वें दिन मुख्यमंत्री कार्यालय की ओर से स्वतः नोटिस जारी किया जाएगा। शिकायत के अधिकतम 30 दिनों के भीतर समाधान सुनिश्चित करने की व्यवस्था की गई है।

जेडी वीमेंस कॉलेज में छात्राओं से संवाद

मुख्यमंत्री ने जेडी वीमेंस कॉलेज में छात्राओं से संवाद भी किया। इस दौरान उन्होंने कॉलेज की शैक्षणिक गतिविधियों और छात्राओं से जुड़ी समस्याओं की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि बिहार में शिक्षा व्यवस्था को आधुनिक, पारदर्शी, जवाबदेह और विद्यार्थी-केंद्रित बनाने की दिशा में काम किया जा रहा है।

15 अगस्त को किया था सहयोग शिविर का ऐलान

सम्राट चौधरी ने 15 अगस्त को गांधी मैदान में झंडोत्तोलन के बाद अपने संबोधन में छात्रों से सीधे संवाद के लिए हर महीने सहयोग शिविर आयोजित करने की घोषणा की थी। उन्होंने कहा था कि शिक्षा की गुणवत्ता बढ़ाने के लिए सरकार छात्र-छात्राओं की बात सीधे सुनेगी। इसी के तहत विद्यार्थी सहयोग पोर्टल शुरू करने की बात भी कही गई थी।

स्कूल-कॉलेजों के पास तैनात होंगी पुलिस दीदी

मुख्यमंत्री ने छात्राओं की सुरक्षा के लिए स्कूल और कॉलेजों के आसपास महिला पुलिसकर्मियों तथा अधिकारियों की तैनाती की व्यवस्था की भी घोषणा की है। इसके तहत सादे कपड़ों में महिला पुलिसकर्मी संवेदनशील स्थानों पर निगरानी रखेंगी। इस व्यवस्था की शुरुआत रक्षा बंधन के दिन से किए जाने की तैयारी है। सभी जिलों में इसके लिए आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं।

Related Articles

Back to top button