पंजाबराज्य

जालंधर में कबाड़ के गोदाम में भीषण आग से मचा हड़कंप, फायर ब्रिगेड की 3 गाड़ियों ने पाया काबू

जालंधर: काला संघा रोड पर मंगलवार शाम कबाड़ के एक गोदाम में अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। गोदाम से उठते घने धुएं को देखकर आसपास मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया। आग लगने की सूचना तुरंत फायर ब्रिगेड को दी गई। घटना करीब शाम 4 बजे की बताई जा रही है।

आग लगने के बाद गोदाम में मौजूद कर्मचारियों ने भी आग पर काबू पाने की कोशिश शुरू कर दी। कर्मचारियों ने अग्निशामक सिलेंडरों की मदद से आग को फैलने से रोकने का प्रयास किया। शुरुआती प्रयासों के चलते आग पर कुछ हद तक नियंत्रण पाया जा सका।

सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की तीन गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। दमकल कर्मियों ने दो बड़े पानी के टैंकरों और एक छोटी गाड़ी की मदद से आग बुझाने का अभियान शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया।

प्रारंभिक जांच में शॉर्ट सर्किट को आग लगने की संभावित वजह माना जा रहा है। हालांकि, आग लगने के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है। राहत की बात यह रही कि घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। समय रहते आग को आसपास की इमारतों तक फैलने से भी रोक लिया गया।

Related Articles

Back to top button