उत्तराखंडराष्ट्रीय

देहरादून आ रहे उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन, 20 अगस्त तक बदला रहेगा ट्रैफिक रूट; जानें पूरा डायवर्जन प्लान

देहरादून: उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन आज दो दिवसीय दौरे पर देहरादून पहुंच रहे हैं। 19 और 20 अगस्त को प्रस्तावित दौरे को लेकर पुलिस और प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। आम लोगों की आवाजाही प्रभावित न हो, इसके लिए यातायात पुलिस ने शहर के कई प्रमुख मार्गों के लिए रूट डायवर्जन प्लान जारी किया है। उपराष्ट्रपति के दौरे को देखते हुए दून अस्पताल में भी जरूरी चिकित्सा व्यवस्थाओं को दुरुस्त किया जा रहा है।

मंगलवार को पुलिस लाइन में एडीजी कानून-व्यवस्था वी. मुरुगेशन की अगुवाई में सुरक्षा बलों को ब्रीफिंग दी गई। वीआईपी आवाजाही के दौरान सुरक्षा व्यवस्था के साथ यातायात प्रबंधन पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

इन समय पर लागू रहेगा रूट डायवर्जन

यातायात पुलिस के अनुसार, 19 अगस्त को दोपहर 1 बजे से 3:30 बजे तक रूट डायवर्जन लागू रहेगा। 20 अगस्त को सुबह 8:30 बजे से 10:30 बजे तक और दोपहर 12 बजे से 3 बजे तक भी कई मार्गों पर यातायात का संचालन बदले हुए रूट से किया जाएगा।

हरिद्वार से देहरादून और मसूरी जाने वालों के लिए यह रास्ता

हरिद्वार की ओर से देहरादून और मसूरी जाने वाले वाहनों को भानियावाला फ्लाईओवर की सर्विस लेन से डोईवाला चौक और दूधली मार्ग होते हुए कारगी चौक की ओर भेजा जाएगा। यहां से वाहन शहर में प्रवेश कर सकेंगे।

मसूरी जाने वाले वाहनों के लिए कारगी चौक, आईएसबीटी, शिमला बाईपास, जीएमएस रोड और कैंट का मार्ग निर्धारित किया गया है।

ऋषिकेश से आने वाले वाहनों का रूट भी बदलेगा

ऋषिकेश से देहरादून और मसूरी जाने वाले वाहनों को रानीपोखरी, थानो, छह नंबर पुलिया, सहस्रधारा क्रॉसिंग और सर्वे चौक के रास्ते शहर में प्रवेश कराया जाएगा।

मसूरी की ओर जाने वाले वाहनों को आईटी पार्क से साईं मंदिर की तरफ भेजा जाएगा।

देहरादून से हरिद्वार-ऋषिकेश जाने वालों के लिए भी डायवर्जन

देहरादून शहर से हरिद्वार और ऋषिकेश की ओर जाने वाले वाहनों को कारगी चौक से दूधली मार्ग, डोईवाला और लालतप्पड़ होते हुए नेपाली फार्म तिराहे की ओर भेजा जाएगा।

वहीं, ईसी रोड, घंटाघर और हाथीबड़कला से मसूरी जाने वाले वाहनों को कैनाल रोड की ओर डायवर्ट किया जाएगा।

दून अस्पताल में भी तैयारियां तेज

उपराष्ट्रपति के दौरे को देखते हुए दून अस्पताल में भी आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी की जा रही हैं। अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. आरएस बिष्ट ने वीआईपी वार्ड को बेहतर बनाने और जरूरी तैयारियां समय पर पूरी करने के निर्देश दिए हैं।

अस्पताल के डीएमएस डॉ. विनम्र मित्तल और डॉ. शोभा वी को वीआईपी वार्ड की व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी सौंपी गई है। अस्पताल प्रशासन की ओर से वीआईपी दौरे के मद्देनजर चिकित्सा संबंधी इंतजामों को अंतिम रूप दिया जा रहा है।

Related Articles

Back to top button