प्रेमी के लिए बेटी ने मां को काट डाला, लाश बोरी में भरकर फेंकी
लिस ने मामले का खुलासा करते हुए दोनों को पकड़ लिया है।
Meerut News: मेरठ की एक बेटी ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर अपनी मां को काट डाला। इसके बाद मां की लाश बोरी में भरकर रूडकी गंगनहर किनारे फेंक दिया। बेटी के प्रेम प्रसंग का विरोध करना मां को भारी पड़ गया। पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुए दोनों को पकड़ लिया है।
कंकरखेड़ा के नटेशपुरम का मामला
मेरठ के कंकरखेड़ा स्थित नटेशपुरम की रहने वाली 40 वर्षीय कविता की कार में ले जाकर बेटी उन्नति ने अपने प्रेमी दुल्हेड़ा गांव के आकाश के साथ हत्या कर दी। दोनों ने चाकू से महिला कविता का गला काटकर वारदात को अंजाम दिया। इसके बाद महिला के शव को हरिद्वार के कोतवाली मंगलौर क्षेत्र में गंगनहर के किनारे फेंक दिया। बुधवार रात मंगलौर पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर सनसनीखेज वारदात का खुलासा किया।
18 अगस्त को मिला था गंगनहर किनारे अज्ञात महिला का शव
हरिद्वार एसपी देहात शेखर चंद्र सुयाल ने जानकारी देते हुए बताया कि 18 अगस्त को पुलिस को गंगनहर किनारे अज्ञात महिला का शव मिला था। महिला के गले पर चाकू से वार के निशान थे। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पहचान के लिए आसपास के थानों और सोशल मीडिया के माध्यम से जानकारी की गई। मृतका की पहचान कविता के रूप में हुई। जो कि कंकरखेड़ा के नटेशपुरम निवासी अरविंद की पत्नी थीं। अरविंद और कविता दोनों मूलरूप से बुढ़ाना के पास ओली माजरा गांव के निवासी हैं।
उन्नति और आकाश चौहान के बीच प्रेम-प्रसंग था
बेटी ने पिता को बताया मां को मनोनाधाम दर्शन कराने ले जा रही है। कविता के पति अरविंद ने पुलिस को जानकारी दी कि बेटी उन्नति और आकाश चौहान के बीच प्रेम-प्रसंग था। पत्नी कविता इसका विरोध करती थी। गत 17 अगस्त की सुबह अरविंद ड्यूटी पर जा रहे थे। उस समय कविता घर पर नहीं थीं। इसके चलते अरविंद ने बेटी को कॉल कर पूछताछ की। इस पर उन्नति ने पिता को बताया कि वह अपनी मां को बरेली स्थित मनोनाधाम दर्शन के लिए ले जा रही है।
वारदात की जांच और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए बुधवार को मंगलौर पुलिस कंकरखेड़ा और पल्लवपुरम पहुंची। पुलिस ने दोनों आरोपियों को लक्सर रोड से गिरफ्तार किया। पुलिस का कहना है कि दोनों ने अपराध कबूल कर लिया है। पुलिस ने वारदात में प्रयुक्त कार और चाकू बरामद किया है।
200 सीसीटीवी खंगाले, कार दिखने पर आरोपी पकड़े
एसपी देहात ने बताया कि शव मिलने के बाद पुलिस ने आसपास के करीब 200 से अधिक सीसीटीवी के फुटेज खंगाल डाले। पुलिस को एक संदिग्ध कार दिखाई दी। इस कार को तलाशती हुए पुलिस आरोपियों तक पहुंची। मामले में अरविंद ने मंगलौर कोतवाली में दोनों आरोपियों के खिलाफ हत्या की एफआईआर दर्ज कराई है। मेरठ के एसपी सिटी विनायक गोपाल भोसले ने बताया कि इस मामले में मंगलौर पुलिस कार्रवाई कर रही है। महिला का शव बरामद हुआ था और एफआईआर भी वहीं दर्ज है। सीओ दौराला शिव ठाकुर का कहना है कि इस मामले में उन्हें अरविंद की तरफ से कोई शिकायत नहीं मिली थी।



