अपराधउत्तर प्रदेशमेरठराज्य

एसएसपी ने ‘छत पे सोया था बहनोई’… गाने पर किसान नेताओं से कराया डांस

खलनायक फिल्म का गाना-चोली के पीछे क्या है बजाया और पहले भाटी को नचवाया।

Meerut News: मेरठ के तत्कालीन एसएसपी अविनाश पांडे पर किसान नेता दिग्विजय भाटी और मोहित जाटव पर आरोप लगे हैं कि उन्होंने दोनों को ‘छत पे सोया था बहनोई’…गाने पर डांस कराया। इसके बाद दोनों की जमकर पिटाई की। वहीं सिविल लाइन थाना प्रभारी अखिलेश गौड़ पर यातनाएं देने के आरोप लगाए हैं। एडीजी के आदेश पर सहारनपुर डीआईजी ने जांच शुरू की है।
सपा विधायक अतुल प्रधान के आवास पर हुई पत्रकार वार्ता में शरीर पर पिटाई के निशान दिखाते हुए भाकियू (बीआर आंबेडकर) के अध्यक्ष डॉ.दिग्विजय भाटी और मोहित जाटव फूट-फूटकर रोये। दोनों किसान नेताओं ने एसएसपी कार्यालय में हुए पुलिस के अमानवीय बर्ताव की जानकारी दी। बताया कि तत्कालीन एसएसपी अविनाश पांडेय और इंस्पेक्टर सिविल लाइन अखिलेश गौड़ ने बेरहमी से पीटा। बर्बरता की हद पार करते हुए आंखों पर प्रहार किया। इससे आंख पर गंभीर चोटें आई और दांत तक टूट गए हैं।
ललिता गौतम मामले में मिलने पहुंचे थे नेता
दिग्विजय भाटी ने बताया कि 19 अगस्त को वह अपने जिलाध्यक्ष मोहित जाटव के साथ एसएसपी अविनाश पांडेय से मिलने पहुंचे। दोनों नेता ललिता गौतम हत्याकांड से जुड़े विरोध-प्रदर्शन मामले में अपनी तरफ से सफाई देने गए थे। जब दोनों नेता एसएसपी से मिले तो वे भड़क गए। एसएसपी ने अभद्र भाषा का इस्तेमाल करते हुए कहा कि तुम तो बहुत बड़े नेता हो, तांडव मचा रखा है,गाली देने लगे। जब हमने गाली देने का विरोध किया तो एसएसपी अपने चैंबर में खींचकर ले गए और लात-घूंसे, बेल्ट, जूतों से पिटाई करने लगे। वह हमें पीटते और फिर सोफे पर बैठ जाते।
दोनों के हाथ-पैर बांधकर डंडों से पिटाई की गई!
एसएसपी ने सिविल लाइंस थाना प्रभारी अखिलेश गौड़ को बुलाया और फिर इंस्पेक्टर हमें एसओजी दफ्तर ले गए। बंद कमरे में दोनों के हाथ-पैर बांधकर डंडों से पिटाई की गई। इतना ही नहीं, पुलिस वाले पीट-पीटकर खलनायक फिल्म के गाने-चोली के पीछे क्या है… पर बार-बार नाचने के लिए मजबूर करते रहे। दिग्विजय का दावा है कि एसएसपी उनके एनकाउंटर की योजना बना चुके थे। एसएसपी ने पुलिसवालों से कहा था कि एक गोली मुझे मारो और फिर इनका एनकाउंटर कर दो। मैं सब देख लूंगा। दोनों ने बताया कि उनको जैसे-तैसे सरधना विधायक अतुल प्रधान छुड़ाकर अपने साथ ले गए।
फिल्मी गाने पर कराया डांस
दिग्विजय भाटी ने बताया कि दोनों से एक-दूसरे के हाथ-पैर बंधवाए। बुरी तरह पीटने के बाद कहा कि अब डांस करना है। फिर इंस्पेक्टर अखिलेश गौ़ड़ ने मोबाइल पर खलनायक फिल्म का गाना-चोली के पीछे क्या है बजाया और पहले भाटी को नचवाया। इसके बाद मोहित जाटव से कहा कि दोनों गाना गाओ और नाचो। मोहित ने बताया कि बुरी तरह पीटे जाने के बाद वह दोनों सिर्फ हाथ भर हिला पा रहे थे। कुछ देर बाद वह बोले कि उन्हें नींद की झपकी लग गई थी। अब दोबारा नाचो। वह उन पर सिर पर कपड़ा डालकर नाचने का भी दबाव बना रहे थे। इस बार छत पर सोया था बहनोई… गाना चलवाया और नाचने के लिए कहा। इसके बाद उनकी फिर से फट्टे से पिटाई की।

Related Articles

Back to top button