
गाजियाबाद हाईवे पर पिस्टल तानकर 24.85 लाख की लूट, ओवरटेक कर कारोबारी के बेटे की कार रुकवाई
गाजियाबाद: वेव सिटी थाना क्षेत्र में हाईवे पर हथियारबंद बदमाशों ने मेरठ के एक उद्यमी के बेटे से 24.85 लाख रुपये लूट लिए। बदमाशों ने पीछे से आकर कार को ओवरटेक किया और पिस्टल के बल पर उसे रुकवा लिया। विरोध करने पर गोली मारने की धमकी दी गई और एक युवक के सिर पर पिस्टल की बट से हमला भी किया गया। पुलिस ने तीन संदिग्धों को हिरासत में लेकर दो वाहन कब्जे में लिए हैं।
मेरठ के लोहिया नगर निवासी नईमुद्दीन ढिकौली में एक्सप्रेसवे के पास कचरा प्रसंस्करण की फैक्टरी चलाते हैं। शुक्रवार रात उनका बेटा गिलमान अपने चचेरे भाई समद और साथी सलीम के साथ कार से दिल्ली जा रहा था। गिलमान के पास 24.85 लाख रुपये थे, जिन्हें उसे दिल्ली के जाफराबाद निवासी कारोबारी साझेदार गयूर को देना था। हाईटेक कॉलेज के पास पीछे से आई स्कॉर्पियो ने उनकी कार को ओवरटेक करके रास्ते में रोक लिया।
पिस्टल तानकर दी गोली मारने की धमकी
बदमाशों ने कथित तौर पर एक लापता लड़की के कार में होने की बात कहते हुए वाहन की तलाशी ली। इसके बाद हथियार दिखाकर गिलमान और उसके साथियों से रुपये छीन लिए। विरोध करने पर बदमाशों ने गोली मारने की धमकी दी। समद ने इसका विरोध किया तो उसके सिर पर पिस्टल की बट से वार कर दिया गया। वारदात के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए।
पुलिस जांच में सामने आया है कि घटना से कुछ घंटे पहले करीब छह बदमाश स्कॉर्पियो से नईमुद्दीन की फैक्टरी पहुंचे थे। उन्होंने वहां भी एक लड़की के छिपे होने की बात कहकर तलाशी लेने का प्रयास किया था। फैक्टरी में वारदात करने में सफल नहीं होने के बाद बदमाशों ने गिलमान की कार का पीछा शुरू कर दिया।
मुखबिर ने दी थी रकम की जानकारी
जांच के मुताबिक बदमाशों को पहले से जानकारी थी कि गिलमान शुक्रवार को बड़ी रकम लेकर दिल्ली जाएगा। डासना पहुंचने के बाद गिलमान को पीछा किए जाने का पता चला। इसके बाद वेव सिटी क्षेत्र में हाईटेक कॉलेज के पास बदमाशों ने उसकी कार को रोककर लूट की वारदात को अंजाम दिया।
लूट के मामले में मुकदमा, डकैती की धारा बढ़ने की संभावना
पुलिस ने फिलहाल शिकायत के आधार पर 24.85 लाख रुपये की लूट का मुकदमा दर्ज किया है। पीड़ित ने वारदात में 10 से 11 बदमाशों के शामिल होने की बात कही है। पुलिस के अनुसार दो वाहनों में कई हथियारबंद बदमाश मौजूद थे। ऐसे में मामले में डकैती की धारा भी जोड़े जाने की संभावना है।
एसीपी वेव सिटी प्रियाश्री पाल के मुताबिक वारदात में इस्तेमाल स्कॉर्पियो समेत दो वाहन बरामद किए गए हैं। तीन आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस अन्य आरोपियों की तलाश के साथ यह भी पता लगा रही है कि बदमाशों को रकम के बारे में सटीक जानकारी किस व्यक्ति ने दी थी।
50 लाख से ज्यादा रकम लूटने का दावा
गिलमान ने पुलिस को बताया कि उसने बैंक से करीब 28 लाख रुपये निकाले थे। कारोबार से जुड़े लोगों को कुछ रकम देने के बाद उसके पास 24.85 लाख रुपये बचे थे। यही रकम वह दिल्ली स्थित अपने कारोबारी साझेदार को देने जा रहा था। हालांकि, सूत्रों के मुताबिक आरोपियों से पूछताछ में 50 लाख रुपये से अधिक की रकम लूटे जाने की बात भी सामने आई है।
तीन करोड़ के हवाला कारोबार पर थी बदमाशों की नजर
पुलिस की जांच में एक अन्य महत्वपूर्ण जानकारी सामने आई है। सूत्रों के मुताबिक पीड़ित के मोहल्ले में रहने वाले एक व्यक्ति को उद्यमी के हवाला कारोबार और हर शुक्रवार बड़ी रकम लेकर दिल्ली जाने की जानकारी थी। उसे अंदेशा था कि गिलमान के पास करीब तीन करोड़ रुपये की हवाला रकम होगी।
बताया जा रहा है कि इसी जानकारी के आधार पर हत्या के मामले में 10 साल की सजा काट चुका पड़ोसी इस लूट की साजिश में शामिल हुआ। वह करीब डेढ़ साल पहले जेल से बाहर आया था। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि तीन करोड़ रुपये की रकम की जानकारी के आधार पर बनाई गई इस साजिश में कौन-कौन लोग शामिल थे और हाईवे पर हुई लूट में उनकी क्या भूमिका थी।



