उत्तर प्रदेशराज्यवाराणसी

उद्योग की आवश्यकताओं के अनुरूप कौशल विकास आवश्यक

RSMT में एमबीए एवं एमसीए अभिमुखीकरण कार्यक्रम ‘अभिनन्दनम्–2026’ का आयोजन

वाराणसी : राजर्षि स्कूल ऑफ मैनेजमेंट एंड टेक्नोलॉजी (आरएसएमटी), यूपी कॉलेज परिसर में नवप्रवेशित एमबीए एवं एमसीए विद्यार्थियों के अभिमुखीकरण कार्यक्रम ‘अभिनन्दनम्–2026’ का आयोजन उत्साहपूर्ण वातावरण में किया गया। कार्यक्रम का स्वागत संबोधन प्रो. अमन गुप्ता, निदेशक-प्रभारी, आरएसएमटी ने किया। उन्होंने अतिथियों और एमबीए एवं एमसीए के नवप्रवेशित विद्यार्थियों का स्वागत करते हुए संस्थान के पाठ्यक्रम, शैक्षणिक गतिविधियों एवं विद्यार्थियों के समग्र विकास के लिए उपलब्ध अवसरों की जानकारी दी।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्रो. मनीष कुमार सिंह, विभागाध्यक्ष, कृषि अर्थशास्त्र विभाग, यूपी कॉलेज ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि वर्तमान समय में केवल डिग्री प्राप्त करना पर्याप्त नहीं है, बल्कि उद्योग की आवश्यकताओं के अनुरूप कौशल (Skill) विकसित करना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने विद्यार्थियों को अपने संबोधन में ‘Skill, Scale और Speed’ के तीन महत्वपूर्ण आयामों पर विशेष रूप से ध्यान देने की सलाह दी। कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि डॉ. रमेश प्रताप सिंह, उदय प्रताप इंटर कॉलेज ने यूपी कॉलेज की गौरवशाली परंपरा एवं विरासत पर चर्चा की। उन्होंने विद्यार्थियों को महाविद्यालय की अनुशासनपूर्ण कार्य संस्कृति से परिचित कराते हुए जीवन एवं करियर में अनुशासन के महत्व को रेखांकित किया।

प्रधानाचार्य, रानी मुरार कुमारी बालिका इंटर कॉलेज डॉ. अनिता सिंह ने अपने संबोधन में कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI) एवं कौशल विकास की बढ़ती आवश्यकता पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने विद्यार्थियों को तकनीकी बदलावों के अनुरूप अपने कौशल को निरंतर विकसित करने के लिए प्रेरित किया। एमबीए के कार्यक्रम समन्वयक पी.एन. सिंह तथा एमसीए के कार्यक्रम समन्वयक प्रो. एस.के. सिंह ने विद्यार्थियों को संबंधित पाठ्यक्रम, शैक्षणिक संरचना, अध्ययन पद्धति तथा महाविद्यालय की उपलब्धियों से अवगत कराया। उन्होंने विद्यार्थियों से शैक्षणिक गतिविधियों में सक्रिय सहभागिता करने और संस्थान की उपलब्धियों को आगे बढ़ाने का आह्वान किया। कार्यक्रम का सफल संचालन डॉ. गरिमा आनंद ने किया। अंत में डॉ. विनिता कालरा ने धन्यवाद ज्ञापित किया। कार्यक्रम में संस्थान के समस्त शैक्षणिक एवं गैर-शैक्षणिक कर्मचारी उपस्थित थे।

Related Articles

Back to top button