उत्तराखंड

CM धामी ने पांच साल की उपलब्धियों पर आधारित विशेष एल्बम गीत का किया विमोचन, बोले- विकास यात्रा जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास सराहनीय

देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय में पंचवटी फिल्म्स प्रोडक्शन और आदर्श औद्योगिक स्वायत्त सहकारिता संस्था की ओर से तैयार विशेष एल्बम गीत का विमोचन किया। यह एल्बम मुख्यमंत्री के पांच वर्षों के कार्यकाल की उपलब्धियों और उत्तराखंड की विकास यात्रा पर आधारित है। मुख्यमंत्री ने एल्बम से जुड़े निर्माता-निर्देशक, गीतकार, संगीतकार, गायक और अन्य कलाकारों के साथ संस्था के पदाधिकारियों को इस प्रयास के लिए शुभकामनाएं दीं।

गीत-संगीत के जरिए विकास की कहानी लोगों तक पहुंचाने की कोशिश

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड की विकास यात्रा और राज्य में हो रहे सकारात्मक बदलावों को गीत-संगीत के माध्यम से जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास सराहनीय है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार उत्तराखंड के समग्र विकास के लिए लगातार काम कर रही है और विभिन्न क्षेत्रों में नए अवसर पैदा करने पर जोर दिया जा रहा है।

रोजगार, पर्यटन और महिला सशक्तिकरण पर जोर

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार रोजगार और स्वरोजगार के अवसर बढ़ाने, पर्यटन को बढ़ावा देने, महिलाओं को सशक्त बनाने और युवाओं के लिए नए अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में विशेष प्रयास कर रही है। इसके साथ ही राज्य की समृद्ध संस्कृति, परंपराओं और देवभूमि की विशिष्ट पहचान के संरक्षण और संवर्धन के साथ विकास कार्यों को भी तेजी से आगे बढ़ाया जा रहा है।

आदर्श संस्था ने मुख्यमंत्री का किया स्वागत

कार्यक्रम के दौरान आदर्श संस्था की अध्यक्ष आशा कोठारी ने मुख्यमंत्री को शॉल ओढ़ाकर और स्मृति चिह्न भेंट कर स्वागत किया। उन्होंने मुख्यमंत्री के नेतृत्व में राज्य में हुए विकास कार्यों और जनहित में लिए गए विभिन्न महत्वपूर्ण फैसलों की सराहना की।

एल्बम से जुड़े कलाकारों को किया सम्मानित

मुख्यमंत्री ने एल्बम के निर्माता उत्तम सिंह भंडारी, गायक विक्रम भंडारी और शिवानी नेगी तथा संगीतकार विजयपाल कलूड़ा समेत इससे जुड़े अन्य कलाकारों को सम्मानित किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता आशा कोठारी ने की, जबकि संचालन संस्था के सचिव हरीश कोठारी ने किया।

कार्यक्रम में ये लोग रहे मौजूद

इस अवसर पर युवा मोर्चा पछवादून के जिलाध्यक्ष विनायक नौटियाल, प्रदीप दुग्गल, विजय असवाल, शोभित उनियाल, गिरीश भट्ट, लक्ष्मी नारायण नवानी, आदित्य नौटियाल, सहदेव सिंह बिष्ट और सपना जवाड़ी सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button