देहरादून : उत्तराखंड में मानसून के बीच नदियों का जलस्तर बढ़ने से हादसे सामने आ रहे हैं। बुधवार को राज्य में दो अलग-अलग घटनाओं में दो लोग तेज बहाव की चपेट में आ गए। इनमें एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि एक 18 वर्षीय युवक गंगा में बहने के बाद लापता है। राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र ने दोनों घटनाओं की पुष्टि की है।
खेत जाते समय नदी के बहाव में बहे भगवान सिंह
राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र की ताजा रिपोर्ट के मुताबिक, पिथौरागढ़ जिले के डीडीहाट क्षेत्र के दूनाकोट गांव में बुधवार सुबह 42 वर्षीय भगवान सिंह बंदरों को भगाने के लिए रोतिस नदी के किनारे स्थित अपने खेत की ओर जा रहे थे। इसी दौरान नदी पार करते समय वह अचानक तेज बहाव की चपेट में आ गए और पानी में बह गए।
पुलिस और एसडीआरएफ ने चलाया तलाशी अभियान
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और राज्य आपदा प्रतिवादन बल की टीमें मौके पर पहुंचीं। इसके बाद नदी में तलाशी अभियान शुरू किया गया। अभियान के दौरान टीम ने भगवान सिंह का शव बरामद कर लिया।
गंगा में नहाते समय युवक लापता
दूसरी घटना हरिद्वार में बुधवार शाम बैरागी कैंप के पास लवर्स प्वाइंट की है। यहां नहाने के दौरान पैर फिसलने से एक युवक गंगा के तेज बहाव में बह गया। इसके बाद से उसका कोई पता नहीं चल सका है। लापता युवक की पहचान हरिद्वार के कनखल निवासी 18 वर्षीय दीपू के रूप में हुई है।
दीपू की तलाश में बचाव अभियान जारी
घटना के बाद बचाव एवं राहत दल ने युवक की तलाश शुरू कर दी है। टीम की ओर से नदी में लगातार खोज अभियान चलाया जा रहा है, लेकिन अभी तक दीपू का पता नहीं चल पाया है।
पर्वतीय जिलों में बारिश का पूर्वानुमान
राज्य में बुधवार को कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। मौसम विज्ञान केंद्र ने गुरुवार को पर्वतीय जिलों में कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने का अनुमान जताया है। कुछ स्थानों पर गरज के साथ आकाशीय बिजली चमकने और बारिश का तेज से बहुत तेज दौर आने की भी संभावना जताई गई है।




