राष्ट्रीय

उज्बेकिस्तान से किर्गिस्तान तक PM मोदी का बड़ा दौरा, SCO शिखर सम्मेलन में उठाएंगे सुरक्षा और संपर्क के मुद्दे

नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी शनिवार से शुरू होने वाली चार दिवसीय विदेश यात्रा के पहले चरण में उज्बेकिस्तान जाएंगे। 29 और 30 अगस्त को ताशकंद में उनकी यात्रा के दौरान दोनों देशों के बीच रणनीतिक साझेदारी को मजबूत करने पर बातचीत होगी। इसके बाद प्रधानमंत्री किर्गिस्तान की राजधानी बिश्केक पहुंचेंगे, जहां वह शंघाई सहयोग संगठन के वार्षिक शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेंगे।

ताशकंद में द्विपक्षीय संबंधों पर होगी अहम बातचीत

विदेश मंत्रालय के अनुसार, उज्बेकिस्तान के राष्ट्रपति शावकत मिर्जियोयेव के निमंत्रण पर प्रधानमंत्री मोदी 29 से 30 अगस्त तक ताशकंद की राजकीय यात्रा करेंगे। यह प्रधानमंत्री मोदी की उज्बेकिस्तान की चौथी यात्रा होगी। इस दौरान दोनों नेताओं के बीच प्रतिनिधिमंडल स्तर की वार्ता होगी और दोनों देशों के बीच संबंधों को और मजबूत करने के उपायों पर चर्चा की जाएगी।

व्यापार से लेकर ऊर्जा और रक्षा तक सहयोग की समीक्षा

प्रधानमंत्री मोदी और राष्ट्रपति मिर्जियोयेव व्यापार एवं निवेश, रक्षा, डिजिटल संपर्क, ऊर्जा, शिक्षा तथा दोनों देशों के लोगों के बीच संबंधों से जुड़े क्षेत्रों में सहयोग की समीक्षा करेंगे। साथ ही भविष्य में सहयोग की दिशा तय करने के लिए एजेंडा तैयार किया जाएगा।

दोनों नेता विकसित भारत 2047 और उज्बेकिस्तान-2030 के साझा विकास संबंधी दृष्टिकोणों को आगे बढ़ाने के तरीकों पर भी विचार साझा करेंगे। प्रधानमंत्री के ताशकंद में लाल बहादुर शास्त्री स्मारक और ताशकंद स्टेट यूनिवर्सिटी ऑफ ओरिएंटल स्टडीज स्थित महात्मा गांधी केंद्र का दौरा करने की भी उम्मीद है।

बिश्केक में SCO शिखर सम्मेलन में होंगे शामिल

उज्बेकिस्तान के बाद प्रधानमंत्री मोदी किर्गिस्तान की राजधानी बिश्केक जाएंगे। यहां वह शंघाई सहयोग संगठन के वार्षिक शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेंगे। सम्मेलन में क्षेत्र की बदलती सुरक्षा स्थिति पर व्यापक चर्चा होने की उम्मीद है।

प्रधानमंत्री शिखर बैठक को संबोधित करेंगे और सुरक्षा, संपर्क तथा अवसरों से जुड़े भारत के प्राथमिकता वाले मुद्दों को सामने रखेंगे। विदेश मंत्रालय के सचिव सिबी जॉर्ज के मुताबिक, संगठन की स्थापना आतंकवाद, अलगाववाद और उग्रवाद से निपटने के उद्देश्य से हुई थी और ये चुनौतियां अब भी बनी हुई हैं।

शी चिनफिंग, पुतिन और शहबाज शरीफ भी होंगे मौजूद

एससीओ सम्मेलन में चीन के राष्ट्रपति शी चिनफिंग, रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ समेत कई प्रमुख नेताओं के शामिल होने की संभावना है। प्रधानमंत्री मोदी सम्मेलन से इतर एससीओ के अन्य नेताओं के साथ अलग-अलग द्विपक्षीय बैठकें भी करेंगे। पुतिन के साथ भी उनकी अलग बैठक होने की जानकारी सामने आई है।

छठे विश्व घुमंतू खेलों के उद्घाटन में भी जाएंगे मोदी

प्रधानमंत्री मोदी छठे विश्व घुमंतू खेलों के उद्घाटन समारोह में भी शामिल होंगे। यह आयोजन मध्य एशिया की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को प्रदर्शित करता है। इस वर्ष शंघाई सहयोग संगठन की स्थापना के 25 वर्ष भी पूरे हो रहे हैं। भारत वर्ष 2017 से इस संगठन का पूर्ण सदस्य है।

Related Articles

Back to top button