भोपाल में CJP की बैठक में जमकर हंगामा, छात्रों ने लगाए नारे; माइक छीनने की कोशिश से बढ़ा विवाद

भोपाल: गांधी भवन में CJP की बैठक के दौरान छात्रों और युवाओं के एक समूह के पहुंचने के बाद हंगामा हो गया। युवाओं ने CJP के प्रतिनिधियों से स्कूलों के ऑडिट और संगठन की गतिविधियों को लेकर सवाल किए। सवाल-जवाब के दौरान दोनों पक्षों के बीच विवाद बढ़ गया और कुछ युवकों ने नारेबाजी शुरू कर दी। इसी दौरान माइक छीनने की कोशिश भी की गई। सूचना मिलने के बाद पुलिस गांधी भवन पहुंची और छात्रों व युवाओं को समझाइश देकर स्थिति को शांत कराया।
स्कूलों के ऑडिट को लेकर पूछे सवाल
बताया गया कि बैठक के दौरान छात्रों और युवाओं का एक समूह अचानक अंदर पहुंच गया था। समूह में शामिल कुछ युवक काली टी-शर्ट पहने हुए थे। युवाओं ने CJP के प्रतिनिधियों से स्कूलों के ऑडिट को लेकर सवाल करना शुरू किया। बातचीत के दौरान सवाल-जवाब का सिलसिला आगे बढ़ा और माहौल तनावपूर्ण हो गया।
दिल्ली में हुए प्रदर्शनों और संगठन की गतिविधियों पर भी सवाल
विवाद बढ़ने के बाद युवाओं ने दिल्ली में हुए पिछले प्रदर्शनों और संगठन की गतिविधियों को लेकर भी सवाल उठाए। इसी दौरान कुछ युवकों ने नारेबाजी शुरू कर दी। बैठक में ‘यह दिल्ली नहीं, भोपाल है’, ‘कॉकरोच पार्टी मुर्दाबाद’ और ‘तानाशाही नहीं चलेगी’ जैसे नारे लगाए गए। स्थिति बिगड़ने पर कुछ युवकों ने माइक छीनने की कोशिश भी की।
पुलिस के पहुंचने के बाद शांत हुआ मामला
बैठक में हंगामे की जानकारी मिलते ही पुलिस बल गांधी भवन पहुंचा। पुलिस ने मौके पर मौजूद छात्रों और युवाओं से बातचीत कर उन्हें समझाइश दी। पुलिस की दखल के बाद स्थिति शांत हुई। इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें बैठक के दौरान युवकों की नारेबाजी और हंगामे के दृश्य दिखाई दे रहे हैं।



