राष्ट्रीय

PM मोदी का गुजरात दौरा आज, 35 हजार करोड़ से ज्यादा की परियोजनाओं की देंगे सौगात; मुंबई में ग्लोबल फिनटेक फेस्ट का करेंगे उद्घाटन

नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मंगलवार, 8 सितंबर 2026 को गुजरात और महाराष्ट्र के दौरे पर रहेंगे। अपने दौरे की शुरुआत गुजरात के वडोदरा से करेंगे, जहां वह 35 हजार करोड़ रुपये से अधिक लागत वाली विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे। इसके बाद शाम को प्रधानमंत्री मुंबई पहुंचेंगे और ग्लोबल फिनटेक फेस्ट 2026 का उद्घाटन करेंगे।

वडोदरा में 326 किलोमीटर लंबे माल गलियारे के खंड होंगे राष्ट्र को समर्पित

प्रधानमंत्री मोदी दोपहर करीब 12 बजे वडोदरा पहुंचेंगे। यहां वह वेस्टर्न डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर के तीन महत्वपूर्ण खंड राष्ट्र को समर्पित करेंगे। इन तीनों खंडों की कुल लंबाई 326 किलोमीटर है और इन्हें 20,700 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से विकसित किया गया है।

वडोदरा के निवर्सिटी ग्राउंड में आयोजित कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री कई विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे। इसके साथ ही वह नई रेल सेवाओं को हरी झंडी भी दिखाएंगे। कार्यक्रम में गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल भी मौजूद रहेंगे।

गुजरात में 38 विकास कार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास

प्रधानमंत्री गुजरात में राज्य सरकार से जुड़े कुल 38 विकास कार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे। केंद्र सरकार के 32,606 करोड़ रुपये से अधिक के विकास कार्यों में भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण से संबंधित 1,840 करोड़ रुपये के प्रोजेक्ट भी शामिल हैं।

इनमें एनएच-48 के वडोदरा-सूरत खंड में तापी और नर्मदा नदी पर मुख्य पुल सहित अन्य ढांचागत कार्य शामिल हैं। इस परियोजना पर 907.39 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। इसके अलावा 686.15 करोड़ रुपये की लागत से कामरेज-चलथाण खंड में छह लेन मार्ग का निर्माण और 187.11 करोड़ रुपये की लागत से एनएच-53 पर आभवा, मिंढाला और खजोद जंक्शन पर ग्रेड सेपरेटेड संरचनाओं का निर्माण किया जाएगा।

इसके साथ ही एनएच-48 पर कंडारी चौकड़ी और लुवारा पाटिया में 59.90 करोड़ रुपये की लागत से तैयार छह लेन फ्लाईओवर का लोकार्पण भी प्रधानमंत्री करेंगे।

नवसारी में जलापूर्ति और बुनियादी ढांचे से जुड़े कार्यों का लोकार्पण

प्रधानमंत्री मोदी नवसारी के एरू स्थित पीएचक्यू में विकसित की गई कई सुविधाओं का भी लोकार्पण करेंगे। इस दौरान आईएमडी-जीजीआईडीसी से जुड़े दो विकास कार्य भी शुरू किए जाएंगे। इनमें झघड़िया-कांटियाजळ पाइपलाइन का नवीनीकरण तथा सावली जीजीआईडीसी में सड़क चौड़ीकरण और पुनर्सतहीकरण का काम शामिल है।

जलापूर्ति विभाग के तहत तापी जिले के सोनगढ़ क्षेत्र में 214.52 करोड़ रुपये की लागत से तैयार तीन ग्रामीण जलापूर्ति और स्वच्छता पैकेज का भी लोकार्पण किया जाएगा।

नई मालगाड़ी और यात्री रेल सेवाओं को मिलेगी हरी झंडी

प्रधानमंत्री मोदी न्यू साणंद उत्तर, न्यू मकरपुरा, न्यू उंबरगांव और न्यू जेएनपीटी से मालगाड़ी सेवाओं को हरी झंडी दिखाएंगे। इसके अलावा वडोदरा और टांडा रोड के बीच नई ट्रेन सेवा को भी रवाना किया जाएगा। इस सेवा से वडोदरा, छोटा उदेपुर और अलीराजपुर जिलों के लोगों को लाभ मिलेगा।

प्रधानमंत्री छोटा उदयपुर-धार परियोजना के तहत तैयार जोबाट-टांडा रोड नई रेल लाइन को भी राष्ट्र को समर्पित करेंगे। इस रेल लाइन के जरिए अलीराजपुर के दूरदराज और आदिवासी क्षेत्रों को राष्ट्रीय रेल नेटवर्क से जोड़ा जाएगा।

329 किलोमीटर की तीन रेल परियोजनाओं का होगा शिलान्यास

प्रधानमंत्री मंगलवार को कुल 329 किलोमीटर लंबी तीन रेलवे परियोजनाओं की आधारशिला भी रखेंगे। इन परियोजनाओं की कुल लागत 9,700 करोड़ रुपये से अधिक है। इनमें वडोदरा-रतलाम तीसरी और चौथी रेल लाइन, मियागाम करजन-चोरंडा-मलसर आमान परिवर्तन परियोजना और विश्वामित्री-दभोई दोहरीकरण परियोजना शामिल हैं।

इन परियोजनाओं के पूरा होने से यात्रियों और माल ढुलाई की क्षमता बढ़ने की उम्मीद है। साथ ही गुजरात और मध्य प्रदेश के बीच रेल संपर्क भी और मजबूत होगा।

शाम को मुंबई में ग्लोबल फिनटेक फेस्ट का उद्घाटन

गुजरात दौरे के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मंगलवार शाम मुंबई पहुंचेंगे। यहां वह ग्लोबल फिनटेक फेस्ट 2026 का उद्घाटन करेंगे।

Related Articles

Back to top button