पंजाब

स्कूल के बाहर फायरिंग की कोशिश से मचा हड़कंप, बाइक सवार दो संदिग्ध कैमरे में कैद; पिस्तौल लेकर पहुंचे थे बदमाश

तरनतारन: पंजाब के तरनतारन जिले में गैंगस्टरों के नाम पर मिल रही कथित फिरौती की धमकियों के बीच पट्टी शहर में एक निजी स्कूल के बाहर फायरिंग की कोशिश का मामला सामने आया है। सोमवार सुबह करीब 8:30 बजे मोटरसाइकिल सवार दो संदिग्ध स्कूल के बाहर पहुंचे। आरोप है कि उनमें से एक ने पिस्तौल निकालकर स्कूल की ओर गोली चलाने की कोशिश की, लेकिन तकनीकी वजह से फायर नहीं हो सका। दोनों इसके बाद मौके से फरार हो गए। पूरी घटना स्कूल के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हुई है।

बताया जा रहा है कि घटना के समय स्कूल के अंदर बच्चे पढ़ाई कर रहे थे। स्कूल के गेट पर तैनात चौकीदार ने मोटरसाइकिल पर आए दोनों संदिग्धों को स्कूल के पास पहुंचकर रफ्तार धीमी करते देखा। इसी दौरान एक संदिग्ध के हाथ में पिस्तौल नजर आई और उसने स्कूल की ओर गोली चलाने का प्रयास किया, लेकिन गोली नहीं चली। इसके बाद दोनों बाइक सवार वहां से भाग निकले।

स्कूल प्रबंधन ने पुलिस को दी सूचना

घटना की जानकारी मिलते ही स्कूल प्रबंधन ने थाना सिटी पट्टी पुलिस को सूचित किया। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने स्कूल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज अपने कब्जे में ले ली है, जिसके आधार पर संदिग्धों की पहचान और उनकी गतिविधियों की जांच की जा रही है।

फिरौती की धमकियों से पहले से दहशत में लोग

तरनतारन जिले में पिछले काफी समय से कारोबारी और रसूखदार लोग गैंगस्टरों के नाम पर मिलने वाली धमकियों को लेकर परेशान हैं। अस्पताल संचालकों, स्कूल मालिकों, राजनीतिक नेताओं और कारोबारियों को फोन कॉल के जरिए लाखों और करोड़ों रुपये की फिरौती मांगने के मामले सामने आते रहे हैं। रकम नहीं देने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दिए जाने की भी शिकायतें मिलती रही हैं।

पट्टी शहर और आसपास के इलाकों में अस्पताल संचालकों और स्कूल मालिकों के अलावा सरकारी विभागों से सेवानिवृत्त लोगों को भी कथित तौर पर फोन के जरिए निशाना बनाए जाने की बातें सामने आई हैं। स्वास्थ्य विभाग से सेवानिवृत्त कुछ डॉक्टर और अन्य कर्मचारी अपना निजी कारोबार कर रहे हैं और उन्हें भी गैंगस्टरों के नाम पर लाखों रुपये की फिरौती मांगने की धमकियां मिलने की बात कही जा रही है।

धमकियों के चलते कारोबारियों में बढ़ी चिंता

लगातार मिल रही धमकियों के कारण कई लोग खुलकर कारोबार करने से भी झिझक रहे हैं। हालांकि पुलिस गैंगस्टरों और उनके गुर्गों के खिलाफ लगातार कार्रवाई कर रही है, लेकिन इसके बावजूद कुछ असामाजिक तत्व गैंगस्टरों के नाम का इस्तेमाल कर लोगों को डराने और फिरौती वसूलने की कोशिश कर रहे हैं।

थाना प्रभारी बोले- स्कूल के बाहर नहीं हुई फायरिंग

थाना सिटी पट्टी के प्रभारी इंस्पेक्टर विपिन कुमार ने बताया कि निजी स्कूल के बाहर दो संदिग्ध व्यक्ति पहुंचे थे, लेकिन उनकी ओर से कोई फायर नहीं किया गया। पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। थाना प्रभारी ने कहा कि पुलिस लोगों की सुरक्षा के लिए 24 घंटे मौजूद है और किसी भी असामाजिक तत्व को अपने मंसूबों में कामयाब नहीं होने दिया जाएगा।

Related Articles

Back to top button