
हिसार: हरियाणा के हिसार के चंदन नगर में मकान बेचने के विवाद को लेकर पिता-पुत्र के रिश्ते में ऐसा टकराव हुआ कि पिता की हत्या कर दी गई। मामले की सूचना मिलने के बाद सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। मृतक के भाई के बयान पर पुलिस ने उसके बड़े बेटे बबलू के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया है। आरोपी बेटा भी घायल है और उसका इलाज हिसार के सरकारी अस्पताल में चल रहा है।
घर बेचने को लेकर पिता-पुत्र में विवाद की बात सामने आई
जांच अधिकारी दिनेश कुमार के अनुसार, पुलिस को सुबह चंदन नगर में एक व्यक्ति की हत्या की सूचना मिली थी। पुलिस मौके पर पहुंची तो पता चला कि परिजन मृतक के शव को खरिया गांव स्थित अपने घर ले गए हैं। इसके बाद पुलिस वहां पहुंची, जहां शव एक कमरे में चारपाई पर रखा था और उसके ऊपर कपड़ा डला हुआ था।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मृतक चंदन नगर स्थित अपना मकान बेचना चाहता था। उसका बड़ा बेटा बबलू भी उसके साथ ही रहता था। मकान बेचने की बात को लेकर दोनों के बीच विवाद होने की जानकारी सामने आई है।
सीन ऑफ क्राइम और फिंगरप्रिंट टीम ने जुटाए साक्ष्य
घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने सीन ऑफ क्राइम टीम और फिंगरप्रिंट टीम को भी मौके पर बुलाया। दोनों टीमों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जरूरी साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया और इसके बाद उसे परिजनों को सौंप दिया।
पुलिस के मुताबिक, मृतक के भाई के बयान के आधार पर आरोपी बेटे बबलू के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है। हालांकि हत्या की वास्तविक वजह और वारदात के दौरान क्या-क्या हुआ, इसकी पूरी तस्वीर जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगी।
आरोपी बेटा भी घायल, सरकारी अस्पताल में इलाज जारी
पुलिस ने बताया कि हत्या के आरोपी बबलू को भी चोट लगी है। उसका हिसार के सरकारी अस्पताल में उपचार चल रहा है। पुलिस आरोपी की हालत के साथ-साथ घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।
फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि मकान बेचने को लेकर हुए विवाद के बाद वारदात किन परिस्थितियों में हुई और इसमें वास्तव में क्या घटनाक्रम रहा।



