मध्य प्रदेशराज्य

MP: भोपाल में ओवैसी के काफिले का एक्सीडेंट, VIP रोड पर अचानक टकराईं गाड़ियां; कई बाइक सवार घायल

भोपाल: मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में असदुद्दीन ओवैसी के काफिले से जुड़ा सड़क हादसा सामने आया है। VIP रोड पर काफिले के गुजरने के दौरान अचानक वाहनों की आपस में टक्कर हो गई। हादसे में करीब 4 से 5 बाइक सवारों के घायल होने की जानकारी सामने आई है। घटना के बाद कुछ देर के लिए मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

बताया जा रहा है कि VIP रोड पर ओवैसी का काफिला गुजर रहा था। इसी दौरान काफिले में शामिल कुछ वाहनों और बाइक सवारों के बीच टक्कर हो गई। सड़क पर मौजूद लोगों ने घायलों की मदद की और उन्हें उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया।

मोड़ पर काफिला रुकने के बाद हुआ हादसा

यातायात अतिरिक्त पुलिस आयुक्त वसंत कॉल ने बताया कि असदुद्दीन ओवैसी के काफिले में चल रही कुछ गाड़ियां आपस में टकराई हैं। उनके मुताबिक, काफिला एक मोड़ पर रुका था, जिसके बाद यह हादसा हुआ। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला।

अधिकारी ने बताया कि हादसे में कुछ बाइक सवारों को चोटें आई हैं और उन्हें प्राथमिक उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया है। घायलों को किस तरह की चोटें आई हैं, इसकी विस्तृत जानकारी फिलहाल सामने नहीं आई है।

पुलिस ने शुरू की हादसे की जांच

घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने मौके का जायजा लिया और दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी। हादसे के बाद VIP रोड पर कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित हुआ। पुलिस ने मौके पर व्यवस्था संभालकर यातायात को सामान्य कराया।

फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हुआ है कि काफिले के किस वाहन से बाइक सवारों की टक्कर हुई और दुर्घटना की वास्तविक वजह क्या थी। पुलिस की जांच पूरी होने के बाद ही घटनाक्रम की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

VIP मूवमेंट के दौरान यातायात व्यवस्था पर उठे सवाल

VIP रोड पर ओवैसी के काफिले के दौरान हुए इस हादसे के बाद VIP मूवमेंट के दौरान यातायात व्यवस्था और सुरक्षा इंतजामों को लेकर सवाल उठ रहे हैं। फिलहाल पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।

Related Articles

Back to top button