
हावड़ा: पश्चिम बंगाल के हावड़ा स्थित बेलूर बाजार में गणेश पूजा की एक थीम को लेकर राजनीतिक विवाद शुरू हो गया है। शिवचंद्र चटर्जी स्ट्रीट में आयोजित गणेश पूजा में इस बार ‘हिंदू राष्ट्र’ को थीम बनाया गया है। पंडाल में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भगवान गणेश को एक साथ बैठकर चाय पीते हुए दिखाया गया है। इस थीम को ‘चाय पे चर्चा’ नाम दिया गया है। मामला सामने आने के बाद राजनीतिक दलों के नेताओं की प्रतिक्रियाएं सामने आने लगी हैं।
पूजा पंडाल में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भगवान गणेश के हाथों में चाय के कप दिखाए गए हैं। दोनों के पीछे दीवार पर ‘हिंदू राष्ट्र’ लिखा हुआ है। वहीं, एक तरफ भारत का नक्शा और उसके पास हिंदू ध्वज भी लगाया गया है। सोशल मीडिया पर पूजा की तस्वीरें सामने आने के बाद इसे लेकर राजनीतिक बहस तेज हो गई।
आयोजक बोले- किसी धर्म को आहत करने की मंशा नहीं
पूजा के आयोजक और पेशे से प्रमोटर खोकन कांरा ने कहा कि वह लंबे समय से गणेश पूजा का आयोजन कर रहे हैं और हर साल अलग-अलग थीम तैयार करते हैं। उनके मुताबिक, इस बार की थीम भी उनकी अपनी कल्पना है और लोगों से इसे अच्छी प्रतिक्रिया मिल रही है।
खोकन कांरा ने कहा, “मेरी मंशा किसी भी धर्म को आहत करने की नहीं है।” उन्होंने बीजेपी से अपने जुड़ाव के कारण थीम तैयार किए जाने के आरोपों को भी गलत बताया। उनके अनुसार, उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को राष्ट्र और भगवान गणेश को धर्म के प्रतीक के तौर पर देखते हुए यह थीम तैयार की है।
अरूप रॉय ने की सख्त कार्रवाई की मांग
नव तृणमूल के अध्यक्ष और मध्य हावड़ा के विधायक अरूप रॉय ने गणेश पूजा की थीम पर आपत्ति जताई। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ लोग खुद को नया बीजेपी वाला बताकर इस तरह प्रधानमंत्री को खुश करने की कोशिश कर रहे हैं।
अरूप रॉय ने कहा कि उन्हें जानकारी नहीं है कि बीजेपी या प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को इस आयोजन के बारे में पता है या नहीं। उन्होंने कहा कि थीम तैयार करने वालों के खिलाफ जिला और प्रदेश बीजेपी को सख्त कार्रवाई करनी चाहिए।
बीजेपी बोली- इसमें गलत क्या है
हावड़ा जिला बीजेपी के सचिव ओमप्रकाश सिंह ने कहा कि उन्हें यह जानकारी नहीं है कि इस तरह का आयोजन किन लोगों ने किया है, लेकिन उन्हें इसमें कुछ गलत नजर नहीं आता। उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल में अलग-अलग त्योहारों और पूजा आयोजनों में विभिन्न तरह की थीम देखने को मिलती हैं।
ओमप्रकाश सिंह ने दुर्गा पूजा का उदाहरण देते हुए कहा कि हर साल अलग-अलग विषयों पर थीम आधारित पूजा आयोजित की जाती है। उन्होंने अरूप रॉय की आपत्ति पर असहमति जताते हुए कहा कि उनके कार्यकाल में पूजा आयोजन के लिए भी अदालत का रुख करना पड़ता था।
बीजेपी नेता ने यह भी कहा कि इस मामले पर जिला संगठन की ओर से विचार किया जाएगा और जरूरत महसूस होने पर कार्रवाई की जाएगी।



