
नूंह: हरियाणा के नूंह जिले के फिरोजपुर झिरका सदर थाना क्षेत्र के बीवा गांव में 500 रुपये की उधारी को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हो गया। मामूली कहासुनी के बाद मामला इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों में लाठी-डंडों से जमकर मारपीट हुई। संघर्ष में एक दर्जन से ज्यादा लोग घायल हो गए। कई घायलों के सिर में गंभीर चोटें आई हैं।
कहासुनी के बाद आमने-सामने आ गए दोनों पक्ष
जानकारी के मुताबिक, बीवा गांव में 500 रुपये की उधारी को लेकर पहले दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हुई। इसके बाद देखते ही देखते दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और एक-दूसरे पर लाठी-डंडों से हमला शुरू कर दिया। अचानक हुए संघर्ष से गांव में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
एक पक्ष से सुमेर पुत्र अमीर (60), अरशद पुत्र सुमेर (40), आरिफ पुत्र सुमेर (38), तारीफ पुत्र सुमेर (22), साकिर पुत्र असलूप (25), इरफान पुत्र सुमेर (35) और सोकत पुत्र फजरु (45) घायल हुए हैं।
वहीं दूसरे पक्ष से तैय्यब पुत्र दीन मोहम्मद (55), निसार, इनाम, रिजवाना पुत्री तैय्यब, मिस्कीना पत्नी तैय्यब, अली मोहम्मद पुत्र नूर मोहम्मद, मुस्तकीम पुत्र अय्यूब और फिरदोस पुत्री अय्यूब के घायल होने की जानकारी है। घायलों में महिलाएं भी शामिल हैं।
गोली चलने की भी चर्चा, महिलाओं के हाथ में बंदूक का वीडियो वायरल
घटना के दौरान गोली चलने की भी खबर सामने आई है। एक वायरल वीडियो में कुछ महिलाओं के हाथ में बंदूक दिखाई देने की बात कही जा रही है। हालांकि पुलिस ने गोली चलने की पुष्टि नहीं की है। गोली चलने की चर्चा के बाद गांव में तनाव का माहौल बन गया।
कई घायलों को अस्पताल किया गया रेफर
मारपीट में घायल लोगों को पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र फिरोजपुर झिरका लाया गया। यहां प्राथमिक उपचार के बाद कुछ घायलों को मंडीखेड़ा स्थित अल-आफिया अस्पताल रेफर किया गया। वहीं दो गंभीर घायलों को बेहतर उपचार के लिए पीजीआई रोहतक रेफर किया गया है।
एक पक्ष की 7 और दूसरे की 3 MLR हुई
सीएचसी फिरोजपुर झिरका के मेडिकल ऑफिसर डॉ. अनुज ने बताया कि एक पक्ष के 7 लोगों और दूसरे पक्ष के 3 लोगों की एमएलआर काटी जा चुकी है। कुछ महिलाओं समेत अन्य घायलों की मेडिकल जांच अभी बाकी है। उन्होंने बताया कि अधिकतर घायलों के सिर में चोटें हैं।
शिकायत का इंतजार कर रही पुलिस
फिरोजपुर झिरका सदर थाना प्रभारी सुभाष चन्द्र ने बताया कि अभी तक दोनों पक्षों की ओर से कोई लिखित शिकायत नहीं मिली है। पुलिस मेडिकल रिपोर्ट और घायलों के बयानों के आधार पर मामले की जांच कर रही है। शिकायत मिलने के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। गांव में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस नजर बनाए हुए है।



