मेरठ मेंं पुलिस की गोकशों से मुठभेड़, एक गोकश को लगी गोली
मेरठ में लगातार तीसरे दिन पुलिस और गोकशों के बीच मुठभेड़ हुई है।
Meerut News: मेरठ में लगातार तीसरे दिन पुलिस और गोकशों के बीच मुठभेड़ हुई है। जिसमें एक गोकश पुलिस की गोली लगने से घायल हो गया है। बता दें पिछले दो दिन से लगातार पुलिस और गोकशों के बीच मुठभेड़ हो रही है। आज शुक्रवार को थाना भावनपुर एवं स्वाट टीम देहात की संयुक्त पुलिस टीम के साथ गोकशी में लिप्त गोकशों की मुठभेड हो गई। जिसमें एक गोकश के पैर में गोली लगी और वो घायल हो गया। गोकशों के कब्जे से गोकशी के उपकरण, तमंचा और बाइक बरामद हुई है।
गोकशों द्वारा गोकशी की घटना की गई
रात में थाना भावनपुर क्षेत्र के ग्राम किनानगर के जंगल में सुशील तोमर पुत्र मुले सिंह के खेत में अज्ञात गोकशों द्वारा गोकशी की घटना की गई थी। मौके पर गोवंश के अवशेष मिले थे। घटना के सम्बन्ध में ग्राम प्रधान किनानगर नीरज कश्यप पुत्र ओम सिंह निवासी ग्राम किनानगर, थाना भावनपुर की तहरीर पर थाना भावनपुर पर गोवध निवारण अधिनियम पंजीकृत किया था।
एक काले रंग की गाड़ी आती दिखाई दी
रात थाना भावनपुर एवं स्वाट टीम देहात की संयुक्त पुलिस टीम द्वारा ग्राम किना नगर के जंगल के निकट हाईवे पर चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान एक बाइक पर सवार दो संदिग्ध व्यक्ति तथा उनके पीछे एक काले रंग की गाड़ी आती दिखाई दी। पुलिस टीम द्वारा संदिग्धों को रुकने का इशारा किया गया। जिस पर काले रंग की गाड़ी का चालक वाहन को वापस मोड़कर मौके से फरार हो गया तथा बाइक सवार दोनों व्यक्तियों ने बाइक मोड़कर भागने का प्रयास किया।
जवाबी फायरिंग में अभियुक्त शौकीन के पैर में गोली लगने से वह घायल हो गया
इसी दौरान बाइक सवार एक अभियुक्त द्वारा पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायर किया गया। पुलिस द्वारा आत्मरक्षार्थ की गई जवाबी फायरिंग में अभियुक्त शौकीन के पैर में गोली लगने से वह घायल हो गया, जबकि दूसरे अभियुक्त आबिद को पुलिस टीम द्वारा घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया गया।
अभियुक्तगण के कब्जे से गोकशी की घटना में प्रयुक्त उपकरण बरामद किये गये तथा अभियुक्त शौकीन के कब्जे से एक अवैध तमंचा एवं कारतूस बरामद हुए। इसके अतिरिक्त अभियुक्तगण के कब्जे से बिना नम्बर प्लेट की सफेद रंग की अपाचे बाइक भी बरामद की गई है।घायल अभियुक्त को उपचार हेतु अस्पताल भेजा है। पूछताछ में गोकशों ने बताया कि रात थाना भावनपुर क्षेत्रान्तर्गत ग्राम किनानगर के जंगल में हुई गोकशी की घटना उन्होंने की थी। घायल गोकश का नाम शौकिन पुत्र मोमीन निवासी ग्राम कायस्थ बढ्ढा, थाना किठौर और पकड़े गए उसके साथी का नाम आबिद पुत्र जमील निवासी मोती कॉलोनी, थाना हापुड़ है।



