अपराधउत्तर प्रदेशराज्य

होटल के कमरे से दो दिन से आ रही थी तेज दुर्गंध, पुलिस ने दरवाजा तोड़ा तो पंखे से लटका मिला युवक का शव

मेरठ: सदर बाजार थाना क्षेत्र के एक होटल में दो दिन से बंद कमरे से तेज दुर्गंध आने के बाद सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने कमरे का दरवाजा तोड़ा तो अंदर 29 वर्षीय युवक का शव पंखे से लटका मिला। मृतक की पहचान शामली की पंजाबी कॉलोनी निवासी विपुल शर्मा के रूप में हुई है। कमरे से बीयर की पांच बोतलें भी बरामद हुई हैं। पुलिस ने फोरेंसिक टीम को बुलाकर साक्ष्य जुटाए और शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

15 सितंबर की शाम होटल में ठहरा था युवक

जानकारी के मुताबिक विपुल शर्मा 15 सितंबर की शाम होटल में कमरा लेकर रुका था। कमरा लेते समय उसने होटल में अपना आधार कार्ड दिया था। इसके बाद होटल कर्मचारियों ने उसे कमरे से बाहर निकलते नहीं देखा।

गुरुवार सुबह कमरे के आसपास तेज दुर्गंध फैलने लगी। कर्मचारियों को अनहोनी की आशंका हुई तो उन्होंने पुलिस को सूचना दी। थाना प्रभारी अखिलेश कुमार मिश्रा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। कमरे का दरवाजा अंदर से बंद था। पुलिस ने दरवाजा तुड़वाया तो विपुल का शव पंखे से फंदे के सहारे लटका मिला।

कमरे से मिलीं बीयर की पांच बोतलें

पुलिस ने कमरे की तलाशी ली तो वहां बीयर की पांच बोतलें मिलीं। मौके पर पहुंची फोरेंसिक टीम ने कमरे से जरूरी साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने होटल का रिकॉर्ड और सीसीटीवी फुटेज भी कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।

सीसीटीवी फुटेज से जुटाया जा रहा सुराग

पुलिस होटल के प्रवेश द्वार और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि होटल में ठहरने के बाद विपुल से कोई मिलने आया था या नहीं। होटल कर्मचारियों से भी पूछताछ की जा रही है। परिजनों को घटना की जानकारी दे दी गई है। पुलिस मामले की सभी पहलुओं से जांच कर रही है।

वाराणसी में भी युवक ने फांसी लगाकर दी जान

वाराणसी के आदमपुर थाना क्षेत्र के घसियारी टोला, प्रह्लाद घाट में शुक्रवार भोर 43 वर्षीय पवन यादव ने अपने कमरे में फांसी लगाकर जान दे दी। सूचना मिलने पर आदमपुर पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और कमरे का दरवाजा तोड़कर शव को नीचे उतारा।

पवन की मां विमला देवी ने पुलिस को बताया कि उनके तीन बेटे पवन, अजय और चेतन हैं। पवन सबसे बड़ा था। करीब 20 वर्ष पहले सड़क हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हुआ था और इसके बाद से उसका मानसिक इलाज चल रहा था।

पवन की पत्नी सुनीता करीब डेढ़ वर्ष पहले बेटी गार्गी के साथ उसे छोड़कर दिल्ली चली गई थी। इसके बाद से पवन इस बात को लेकर सदमे में रहता था। गुरुवार रात उसने परिवार के साथ खाना खाया और फिर अपने कमरे में सोने चला गया।

शुक्रवार सुबह काफी देर तक कमरे से बाहर नहीं आने पर मां ने दरवाजा खटखटाया। कोई प्रतिक्रिया नहीं मिलने पर उन्होंने खिड़की से अंदर देखा तो पवन रस्सी के सहारे कमरे के रोशनदान से फंदे पर लटका हुआ था।

Related Articles

Back to top button