ट्रेविस हेड का तूफानी शतक, सिर्फ 75 गेंदों में ठोकी सेंचुरी; जिम्बाब्वे के खिलाफ बनाया बड़ा रिकॉर्ड

हरारे: ऑस्ट्रेलिया और जिम्बाब्वे के बीच तीन मैचों की वनडे सीरीज के दूसरे मुकाबले में ट्रेविस हेड ने एक बार फिर अपनी आक्रामक बल्लेबाजी का प्रदर्शन किया। हेड ने महज 75 गेंदों में शतक पूरा कर लिया। इस शतक के साथ उन्होंने जिम्बाब्वे के खिलाफ वनडे में सबसे तेज शतक लगाने वाले ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज का रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया।
मिचेल मार्श ने भी जड़ा अर्धशतक
ऑस्ट्रेलिया ने मुकाबले में पहले बल्लेबाजी की। कप्तान मिचेल मार्श और ट्रेविस हेड ने टीम को तेज शुरुआत दिलाई। मार्श ने 63 गेंदों पर 53 रन बनाए। उनकी पारी में तीन चौके और तीन छक्के शामिल रहे। अर्धशतक पूरा करने के बाद मार्श आउट होकर पवेलियन लौट गए, लेकिन हेड ने अपनी आक्रामक बल्लेबाजी जारी रखी।
75 गेंदों में पूरा किया आठवां वनडे शतक
ट्रेविस हेड ने 75 गेंदों में अपना शतक पूरा किया। यह उनका अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 20वां और वनडे में आठवां शतक है। अपनी पारी के दौरान उन्होंने 15 चौके और तीन छक्के लगाए।
इस शतक के साथ हेड जिम्बाब्वे के खिलाफ वनडे में सबसे तेज शतक लगाने वाले ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज बन गए। इससे पहले इसी सीरीज के पहले मैच में मैट रेनशॉ ने 86 गेंदों में शतक लगाया था। अब हेड ने उनसे तेज शतक लगाकर यह रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है।
शतक के साथ ऑस्ट्रेलिया की स्थिति मजबूत
हेड के शतक के बाद ऑस्ट्रेलिया बड़े स्कोर की ओर बढ़ रहा था। हेड के अंतरराष्ट्रीय शतकों से जुड़ा एक खास रिकॉर्ड भी है। उन्होंने जब भी अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में ऑस्ट्रेलिया के लिए शतक लगाया है, टीम को उस मुकाबले में हार का सामना नहीं करना पड़ा है।
अगले वनडे विश्व कप की तैयारियों के लिहाज से अहम मुकाबला
ऑस्ट्रेलिया ने सीरीज का पहला मुकाबला जीतकर पहले ही बढ़त बना ली थी। अब दूसरे मैच में भी टीम बड़े स्कोर की ओर बढ़ रही थी। मुकाबला हरारे में खेला जा रहा है और इसे ऑस्ट्रेलिया की अगले साल होने वाले वनडे विश्व कप की तैयारियों के लिहाज से अहम माना जा रहा है। अगले साल वनडे विश्व कप की मेजबानी साउथ अफ्रीका, जिम्बाब्वे और नामीबिया करेंगे।



