चीन की सेना में फिर बड़ी कार्रवाई, दो शीर्ष जनरल पार्टी और PLA से बाहर; जिनपिंग के करीबी भी शामिल

बीजिंग: चीन की पीपुल्स लिबरेशन आर्मी (PLA) में शीर्ष स्तर पर एक और बड़ी कार्रवाई हुई है। राष्ट्रपति शी जिनपिंग की अध्यक्षता में हुई पोलित ब्यूरो की बैठक में सेंट्रल मिलिट्री कमीशन (CMC) के पूर्व उपाध्यक्ष झांग यूशिया और CMC के जॉइंट स्टाफ विभाग के पूर्व चीफ ऑफ स्टाफ लियू जेनली को कम्युनिस्ट पार्टी और सेना से बाहर करने के फैसले को मंजूरी दी गई। चीन की सरकारी समाचार एजेंसी शिन्हुआ के अनुसार, दोनों पर गंभीर अनुशासन और कानून उल्लंघन के आरोप हैं।
झांग यूशिया और लियू जेनली के खिलाफ जनवरी में जांच शुरू की गई थी। अगस्त के अंत में दोनों को राज्य के सेंट्रल मिलिट्री कमीशन से हटा दिया गया था। अब जांच के बाद उनके मामलों को सैन्य अभियोजन अधिकारियों के पास कानूनी समीक्षा और अभियोजन के लिए भेजे जाने की बात कही गई है।
झांग यूशिया को माना जाता था जिनपिंग का करीबी सैन्य सहयोगी
75 वर्षीय झांग यूशिया लंबे समय तक शी जिनपिंग के करीबी सैन्य सहयोगियों में गिने जाते रहे। वह चीन के सेंट्रल मिलिट्री कमीशन के उपाध्यक्ष और पोलित ब्यूरो के सदस्य रह चुके हैं। लियू जेनली की उम्र 61 वर्ष है और वह CMC के सदस्य तथा जॉइंट स्टाफ विभाग के प्रमुख रह चुके हैं।
दोनों अधिकारियों के पास युद्ध का अनुभव भी रहा है। उन्होंने 1970 के दशक के अंत में वियतनाम के खिलाफ चीन के सैन्य अभियान में हिस्सा लिया था।
गुटबाजी, भ्रष्टाचार और पद के दुरुपयोग के आरोप
शिन्हुआ की ओर से जारी आधिकारिक जानकारी के मुताबिक जांच में दोनों पर अपने फायदे के लिए गुट बनाने, पार्टी के प्रति बेईमानी और बेवफाई करने तथा पद का इस्तेमाल दूसरों को पदोन्नति दिलाने में करने के आरोप लगाए गए हैं। दोनों पर बड़ी रकम की रिश्वत लेने, भ्रष्टाचार और कर्तव्यों में लापरवाही के आरोप भी लगाए गए हैं। आधिकारिक बयान में कहा गया कि उनके कथित उल्लंघन में बहुत बड़ी रकम शामिल थी और मामले गंभीर प्रकृति के थे।
रॉयटर्स के अनुसार, दोनों के खिलाफ कार्रवाई को शी जिनपिंग के 2012 में सत्ता में आने के बाद से चल रही भ्रष्टाचार और अनुशासन विरोधी मुहिम के संदर्भ में देखा जा रहा है।
कई महीनों से चल रही थी कार्रवाई
दोनों जनरलों के खिलाफ कार्रवाई अचानक नहीं हुई। जनवरी में उनकी जांच की जानकारी सामने आई थी और अगस्त में उन्हें CMC से हटा दिया गया। इसके बाद अब कम्युनिस्ट पार्टी और सेना से निष्कासन का फैसला हुआ है। चीन के आधिकारिक बयान के मुताबिक, दोनों के मामलों में कथित अपराधों की कानूनी प्रक्रिया सैन्य अभियोजन अधिकारियों के स्तर पर आगे बढ़ेगी।
सेंट्रल मिलिट्री कमीशन में अब कितने सदस्य?
झांग यूशिया और लियू जेनली को हटाए जाने के बाद चीन के शीर्ष सैन्य नेतृत्व में बड़ा बदलाव हुआ है। कुछ रिपोर्टों के अनुसार सेंट्रल मिलिट्री कमीशन में अब सिर्फ 2 सक्रिय सदस्य बचे हैं, जिनमें शी जिनपिंग भी शामिल हैं।
हालांकि, पार्टी से झांग और लियू का निष्कासन औपचारिक रूप से तब अंतिम होगा जब कम्युनिस्ट पार्टी की केंद्रीय समिति के पूर्ण अधिवेशन में इसकी पुष्टि की जाएगी। सेना से उनके निष्कासन का फैसला पहले ही CMC द्वारा किया जा चुका है।



