अपराधदिल्लीराज्य

दिल्ली के आनंद पर्वत में 15 साल के किशोर की चाकू से गोदकर हत्या, 16 वार; 7 घंटे में 3 आरोपी गिरफ्तार

नई दिल्ली: दिल्ली के आनंद पर्वत इलाके में 15 वर्षीय किशोर की चाकू से गोदकर हत्या कर दी गई। आरोप है कि हमलावरों ने किशोर पर चाकू से 16 बार वार किए। घटना आनंद पर्वत थाना क्षेत्र की है। पुलिस ने मामले में करीब सात घंटे के भीतर 19 वर्षीय मुख्य आरोपी तुषार को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने दो नाबालिग आरोपियों को भी पकड़ा है।

पुलिस के मुताबिक, सीसीटीवी फुटेज और स्थानीय स्तर पर जुटाई गई जानकारी के आधार पर वारदात में कथित रूप से शामिल तीनों आरोपियों की पहचान की गई। इसके बाद तीनों को आनंद पर्वत इलाके से पकड़ लिया गया। घटना के बाद इलाके में तनाव को देखते हुए पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है।

गली में टकराने को लेकर हुआ विवाद

पुलिस के अनुसार, आरोपी गली नंबर-16 से पैदल गुजर रहे थे। इसी दौरान कथित तौर पर किशोर से टकराने को लेकर उनका विवाद हो गया। कहासुनी बढ़ने के बाद आरोपियों ने किशोर पर चाकू से हमला कर दिया। हमले में किशोर की मौत हो गई।

पुलिस अब घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है। तीनों आरोपियों से पूछताछ कर वारदात की पूरी परिस्थितियों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।

परिवार ने पुलिस पर कार्रवाई में देरी का आरोप लगाया

घटना के बाद मृतक के परिवार ने पुलिस पर कार्रवाई में ढिलाई का आरोप लगाया। परिवार का कहना है कि उन्होंने कथित आरोपियों के नाम पुलिस को बताए थे, लेकिन समय पर कार्रवाई नहीं हुई।

मृतक के भाई मयंक ढींगरा ने बताया कि उसके भाई पर कई बार चाकू से वार किए गए। परिवार ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

मृतक के भाई को भी धमकी देने का दावा

मयंक ढींगरा ने बताया कि मंगलवार रात करीब 8:30 बजे उसके भाई की हत्या हुई। उन्होंने कहा कि किशोर पर 16 बार चाकू से वार किया गया।

मयंक के मुताबिक, घटना के बाद उन्हें फोन कर जान से मारने की धमकी भी दी गई। उनका दावा है कि फोन करने वाले ने गाली-गलौज की और इस बातचीत की रिकॉर्डिंग भी उनके पास है। उन्होंने बताया कि रिकॉर्डिंग पुलिस अधिकारी को भेज दी गई है।

Related Articles

Back to top button