उत्तराखंडराज्य

बासुकीताल ट्रेक पर गया पांच सदस्यीय दल लापता, दो PAC जवान भी शामिल; हेलीकॉप्टर से खोज अभियान कम दृश्यता के चलते रुका

रुद्रप्रयाग: केदारनाथ-बासुकीताल ट्रेक पर गया पांच सदस्यीय ट्रेकिंग दल लापता हो गया है। इस दल में दो पीएसी जवान भी शामिल हैं। दल से संपर्क टूटने के बाद मंगलवार को रेस्क्यू अभियान शुरू किया गया। एक लापता ट्रेकर के परिजन यशवंत सिंह चौहान ने जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र को सूचना दी कि उनके भाई प्रवेश चौहान पांच साथियों के साथ 25 सितंबर को केदारनाथ-बासुकीताल ट्रेक पर गए थे। दल की योजना ओडिन कॉल होते हुए गंगोत्री पहुंचने की थी, लेकिन इसके बाद परिजनों का उनसे संपर्क नहीं हो पाया।

जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदन सिंह रजवार ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस नियंत्रण कक्ष और वन्यजीव प्रभाग गोपेश्वर को जानकारी दी गई। इसके साथ ही 40वीं वाहिनी पीएसी से भी समन्वय स्थापित किया गया।

कौन-कौन हैं लापता

लापता ट्रेकर्स में 40वीं वाहिनी पीएसी हरिद्वार के अमित फर्सवाण, 40वीं वाहिनी पीएसी रुद्रप्रयाग के नवीन रावत, उत्तरकाशी के फॉरेस्टर प्रवेश चौहान, जग्गी बगवान निवासी विवेक और केदारनाथ के पशुपालन विभाग में तैनात संजय सिंह रावत शामिल हैं।

एनडीआरएफ, एसडीआरएफ और वन विभाग की टीमों ने उनकी तलाश शुरू कर दी है। हेलीकॉप्टर से भी सर्च अभियान चलाया गया, लेकिन कम दृश्यता के कारण इसे रोकना पड़ा।

कालिंदी पास में फंसे ट्रेकर्स का रेस्क्यू पूरा

उत्तरकाशी के कालिंदी पास और ओडिन कॉल क्षेत्र में बारिश और बर्फबारी के बीच फंसे 139 पर्वतारोहियों, ट्रेकर्स और सहयोगी स्टाफ की सुरक्षित वापसी के लिए मंगलवार को भी रेस्क्यू अभियान चलाया गया। दूसरे दिन 27 पर्वतारोहियों, ट्रेकर्स और पोर्टर्स को हेलीकॉप्टर से सुरक्षित निकाला गया। इसके साथ मंगलवार दोपहर तक इस अभियान को पूरा कर लिया गया।

वहीं, क्षेत्र में पर्वतारोहण अभियानों पर गए 72 पर्वतारोहियों और ट्रेकर्स ने अपना अभियान जारी रखने का फैसला किया है। उनका कहना है कि वे खुद वापस लौट जाएंगे।

अब तक 67 लोगों को हेलीकॉप्टर से निकाला गया

रेस्क्यू अभियान के दौरान अब तक कुल 67 सदस्यों को हेलीकॉप्टर से सुरक्षित निकाला जा चुका है। इनमें ओडिन कॉल पास से 29, जोगिन वन से आठ, सतोपंथ से आठ, कालिंदी पास से 19 और वासुकीताल से तीन लोग शामिल हैं। सभी का स्वास्थ्य परीक्षण कराने के बाद उन्हें उनके गंतव्य के लिए रवाना कर दिया गया।

बता दें कि पिछले सप्ताह बारिश और बर्फबारी के कारण 139 ट्रेकर अलग-अलग इलाकों में फंस गए थे।

मंगलवार को 27 ट्रेकर्स को सुरक्षित निकाला गया

सोमवार को रेस्क्यू अभियान के पहले दिन 40 लोगों को सुरक्षित निकाला गया था। मौसम खराब होने के कारण अभियान रोकना पड़ा। मंगलवार को मौसम साफ होने के बाद सुबह से फिर बचाव अभियान शुरू किया गया।

इस दौरान कालिंदी पास से आठ, जोगिन वन से आठ और सतोपंथ पीक बेस कैंप से नौ ट्रेकर्स को हेलीकॉप्टर से सुरक्षित हर्षिल पहुंचाया गया। इसके अलावा वासुकीताल क्षेत्र से दो आर्मी पोर्टर्स को भी रेस्क्यू किया गया।

Related Articles

Back to top button