उत्तराखंड

कुंभ मेला 2027 की तैयारियों में तेजी के निर्देश, नवंबर तक अस्थायी पुलों का काम पूरा करने को कहा

देहरादून: मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने कुंभ मेला 2027 की तैयारियों की समीक्षा करते हुए निर्माण कार्यों और अन्य जरूरी व्यवस्थाओं को तय समयसीमा में पूरा करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि जिन कार्यों को समानांतर रूप से पूरा किया जा सकता है, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर साथ-साथ किया जाए, ताकि समय का बेहतर उपयोग हो और कुंभ से जुड़ी सभी व्यवस्थाएं समय पर तैयार हो सकें।

कर्मचारियों की उपलब्धता को लेकर अभी से बने कार्ययोजना

मुख्य सचिव ने कहा कि जनगणना और निर्वाचन संबंधी कार्यों के चलते कुंभ मेला 2027 के लिए जरूरी अधिकारियों और कर्मचारियों की उपलब्धता प्रभावित नहीं होनी चाहिए। इसके लिए अभी से आवश्यक योजना तैयार की जाए। संबंधित विभाग कुंभ मेले के लिए जरूरी मानव संसाधन का आकलन कर समय से तैनाती की कार्ययोजना तैयार करें।

उन्होंने कुंभ क्षेत्र में साइनेज की उचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साइनेज पर क्यूआर कोड की व्यवस्था करने को कहा गया, जिसमें श्रद्धालुओं को संबंधित स्थल के ऐतिहासिक और धार्मिक महत्व समेत आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराई जा सके। इसके साथ ही कुंभ क्षेत्र की अलग-अलग लोकेशन और सुविधाओं की जानकारी देने के लिए एक समर्पित ऐप तैयार करने की संभावना पर भी जोर दिया।

कुंभ के बाद भी स्थायी व्यवस्थाओं के रखरखाव की बने योजना

मुख्य सचिव ने कहा कि कुंभ मेले के लिए तैयार की जा रही स्थायी व्यवस्थाओं के मेले के बाद संचालन और रखरखाव की योजना भी अभी से तैयार की जाए। उन्होंने अस्थायी पुलों के निर्माण कार्य की लगातार निगरानी करते हुए इन्हें नवंबर माह के अंत तक हर हाल में पूरा करने के निर्देश दिए।

पार्किंग और नहरबंदी के काम समय से पूरे करने पर जोर

कुंभ मेला क्षेत्र में पर्याप्त पार्किंग व्यवस्था सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए गए। मुख्य सचिव ने कहा कि सरकारी और सरकारी एजेंसियों की भूमि पर पार्किंग तथा अन्य जरूरी सुविधाओं के लिए किए जाने वाले कार्य तत्काल शुरू किए जाएं, ताकि इन्हें समय रहते तैयार किया जा सके।

उन्होंने नहरबंदी के दौरान किए जाने वाले कार्यों की पहले से तैयारी पूरी करने और इस अवधि का अधिकतम उपयोग करने की बात कही। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी जरूरी कार्यों की तैयारी पहले से पूरी कर ली जाए और निर्धारित अवधि में उन्हें पूरा किया जाए।

सिंचाई और पेयजल के कामों की लगातार होगी निगरानी

मुख्य सचिव ने सिंचाई और पेयजल विभाग के विभिन्न निर्माण कार्यों की लगातार निगरानी करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि कुंभ मेला शुरू होने से पहले सभी जरूरी कार्य पूरे कराए जाएं। मेलाधिकारी और संबंधित विभागाध्यक्ष स्वयं इन कार्यों की नियमित समीक्षा करें और तय समयसीमा में काम पूरा कराना सुनिश्चित करें।

उन्होंने कुंभ मेले के दौरान यातायात व्यवस्था सुगम बनाए रखने के लिए सभी जरूरी वैकल्पिक मार्गों और अन्य व्यवस्थाओं को समय से तैयार करने के निर्देश भी दिए।

मेलाधिकारी को लगातार स्थलीय निरीक्षण के निर्देश

मुख्य सचिव ने मेलाधिकारी को कुंभ से जुड़े कार्यों का लगातार स्थलीय निरीक्षण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि निरीक्षण के दौरान सामने आने वाली किसी भी समस्या की तत्काल जानकारी दी जाए, ताकि संबंधित विभाग के साथ समन्वय कर उसका जल्द समाधान कराया जा सके।

उन्होंने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ काम करने और किसी भी स्तर पर आने वाली समस्या का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

बैठक में प्रमुख सचिव आर. मीनाक्षी सुन्दरम, सचिव षैलेश बगौली, नितेष कुमार झा, विनोद कुमार सुमन, आयुक्त गढ़वाल आनंद स्वरूप और मेलाधिकारी सोनिका समेत अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button