छत्तीसगढ़राज्य

छत्तीसगढ़ के सुकमा में विस्फोटक नष्ट करते समय बड़ा हादसा, CRPF के 4 जवान घायल; दो ASI की हालत गंभीर

सुकमा: छत्तीसगढ़ के सुकमा जिले में विस्फोटकों को नष्ट करने के दौरान अचानक हुए धमाके से केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) के चार जवान घायल हो गए। घायलों में दो सहायक उपनिरीक्षक (ASI) शामिल हैं, जिनकी हालत गंभीर बताई जा रही है। हादसा एलार्मडगु कैंप से करीब 200 मीटर दूर बोदराजपदर नाला के पास हुआ।

विस्फोटक नष्ट करने के दौरान अचानक हुआ धमाका

प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, जगदलपुर से आई एम्युनिशन टेक्नीशियन टीम (ATT) एलार्मडगु कैंप के नजदीक विस्फोटकों को नष्ट करने का काम कर रही थी। इसी दौरान एक विस्फोटक का अंश उड़कर कुछ दूरी पर जा गिरा। इसके बाद अचानक धमाका हो गया, जिसकी चपेट में आने से चार जवान घायल हो गए।

दो ASI गंभीर रूप से घायल, अस्पताल में इलाज जारी

हादसे में घायल जवानों की पहचान एएसआई एम.के. तिवारी और एएसआई अनीश खान के रूप में हुई है। दोनों को गंभीर चोटें आई हैं। वहीं, निरीक्षक अमरनाथ मिश्रा और प्रधान आरक्षक कुलदीप राज को मामूली चोटें लगी हैं।

घटना के तुरंत बाद सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज शुरू कर दिया गया। डॉक्टर दोनों गंभीर रूप से घायल एएसआई की स्थिति पर लगातार नजर रख रहे हैं। जरूरत पड़ने पर उन्हें बेहतर उपचार के लिए उच्च चिकित्सा संस्थान में भेजने की तैयारी भी की जा रही है।

शुरुआती जांच में दुर्घटनावश विस्फोट की आशंका

पुलिस के अनुसार, शुरुआती जानकारी में यह मामला दुर्घटनावश हुए विस्फोट का प्रतीत हो रहा है। फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है और चारों घायल जवानों का उपचार जारी है। हादसा किन परिस्थितियों में हुआ, इसकी विस्तृत जानकारी का इंतजार है।

Related Articles

Back to top button