हल्द्वानी: उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को हल्द्वानी स्थित राजकीय मेडिकल कॉलेज सभागार में प्रांतीय व्यापारी सम्मेलन का शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने व्यापारियों के हितों से जुड़ी आठ महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। मुख्यमंत्री ने कहा कि व्यापारी प्रदेश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ हैं और उनकी सुरक्षा, सम्मान तथा हितों की रक्षा करना राज्य सरकार की प्राथमिकता है।
मुख्यमंत्री ने प्रदेशभर से पहुंचे व्यापारियों को संबोधित करते हुए कहा कि व्यापारी केवल वस्तुओं की खरीद-बिक्री तक सीमित नहीं हैं, बल्कि रोजगार पैदा करने, स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती देने और प्रदेश की आर्थिक प्रगति में भी अहम भूमिका निभाते हैं। बड़े उद्योगों से लेकर छोटे दुकानदारों तक, हर व्यापारी राज्य के विकास में योगदान देता है। कोविड-19 जैसी चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में भी व्यापारियों ने आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति बनाए रखकर अपनी सामाजिक जिम्मेदारी निभाई थी।
व्यापारियों के हित में सरकार की 8 अहम घोषणाएं
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सम्मेलन में व्यापारियों की समस्याओं के समाधान और उनकी सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए आठ घोषणाएं कीं। इनमें आपदा प्रभावित व्यापारियों को राहत, उद्योग मित्र समितियों का पुनर्गठन, दुर्घटना बीमा के प्रति जागरूकता और पर्यटन कारोबार को बढ़ावा देने जैसे कदम शामिल हैं।
1. प्राकृतिक आपदा या अन्य आपदाओं से प्रभावित व्यापारियों को नियमों के तहत उचित राहत उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
2. व्यापारियों के साथ बेहतर संवाद और उनकी समस्याओं के समाधान के लिए राज्य तथा जिला स्तर पर उद्योग मित्र समितियों का पुनर्गठन किया जाएगा। इन समितियों की नियमित बैठकें भी आयोजित होंगी।
3. जीएसटी में पंजीकृत व्यापारियों के दुर्घटना बीमा से जुड़ी जानकारी का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाएगा, ताकि पात्र व्यापारियों के आश्रित समय पर बीमा दावे की प्रक्रिया पूरी कर सकें।
4. पर्यटन कारोबार को प्रोत्साहित करने के लिए पंजीकरण प्रक्रिया आसान बनाई जाएगी और एकल खिड़की व्यवस्था लागू की जाएगी।
5. पर्यटन बहुल क्षेत्रों और जिला मुख्यालयों में होमस्टे सुविधाओं का विस्तार किया जाएगा, जिससे स्थानीय लोगों को स्वरोजगार और अतिरिक्त आय के अवसर मिल सकें।
6. चारधाम यात्रा मार्ग पर जरूरत के अनुसार प्रमुख स्थानों पर पार्किंग सुविधाएं विकसित की जाएंगी, ताकि यात्रियों और व्यापारियों को सहूलियत मिले।
7. राष्ट्रीय राजमार्गों, राज्य मार्गों और अन्य प्रमुख सड़कों से जुड़े बाजारों में सड़क तथा नालियों के निर्माण और मरम्मत को प्राथमिकता दी जाएगी।
8. व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में कार्यरत श्रम विभाग में पंजीकृत श्रमिकों को कर्मकार कल्याण बोर्ड की योजनाओं और सुविधाओं का लाभ दिलाया जाएगा।
व्यापारियों को दफ्तरों के चक्कर से राहत देने पर जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार व्यापारियों को सिर्फ करदाता नहीं, बल्कि विकास का महत्वपूर्ण भागीदार मानती है। सरकार की कोशिश है कि कारोबारियों को सुरक्षित, पारदर्शी और भयमुक्त माहौल मिले। साथ ही, उन्हें अनावश्यक प्रक्रियाओं से न गुजरना पड़े और सरकारी कार्यालयों के बार-बार चक्कर न लगाने पड़ें।
उन्होंने कहा कि व्यापारियों की समस्याओं का समयबद्ध समाधान करने और उनके साथ लगातार संवाद बनाए रखने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। सरकार का उद्देश्य कारोबार से जुड़ी प्रक्रियाओं को सरल बनाना और व्यापार के अनुकूल वातावरण तैयार करना है।
26 विभागों की 206 से अधिक सेवाएं ऑनलाइन उपलब्ध
व्यापार और निवेश को बढ़ावा देने के लिए राज्य सरकार की ओर से उठाए जा रहे कदमों का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में व्यापार, उद्यमिता, डिजिटल लेन-देन और वित्तीय समावेशन को प्रोत्साहन मिला है। उत्तराखंड में भी कारोबार और निवेश से जुड़ी प्रक्रियाओं को आसान बनाया जा रहा है।
मुख्यमंत्री के मुताबिक, एकल खिड़की व्यवस्था के माध्यम से 26 प्रमुख विभागों की 206 से अधिक सेवाएं ऑनलाइन उपलब्ध कराई गई हैं। निवेशकों और उद्यमियों की समस्याओं के समाधान के लिए ‘निवेश मित्र’ व्यवस्था भी की गई है।
200 करोड़ रुपये के वेंचर फंड से स्टार्टअप को बढ़ावा
मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य में स्टार्टअप और नवाचार को प्रोत्साहित करने के लिए उत्तराखंड स्टार्टअप नीति लागू की गई है। इसके साथ ही 200 करोड़ रुपये के वेंचर फंड की व्यवस्था भी की गई है।
उन्होंने कहा कि सरकार औद्योगिक विकास को केवल मैदानी इलाकों तक सीमित नहीं रखना चाहती, बल्कि पर्वतीय क्षेत्रों में भी उद्यमिता और रोजगार के अवसर बढ़ाने के लिए काम कर रही है। चमोली, पौड़ी और अल्मोड़ा में छोटे उद्योगों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से विशेष औद्योगिक पार्कों के लिए भूमि चिह्नित की गई है।
स्थानीय कारोबार को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय बाजारों तक पहुंचाने की तैयारी
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड की अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने में स्थानीय व्यापार, पर्यटन, लघु उद्योग और स्वरोजगार की अहम भूमिका है। सरकार चाहती है कि प्रदेश के व्यापारी स्थानीय बाजारों के साथ राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय बाजारों में भी अपनी पहचान बना सकें।
उन्होंने कहा कि उत्तराखंड को आध्यात्मिक पहचान के साथ आर्थिक शक्ति का प्रमुख केंद्र बनाने की दिशा में लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री ने व्यापारियों से प्रदेश के विकास में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील करते हुए कहा कि उनके सहयोग से विकसित, आत्मनिर्भर और आर्थिक रूप से मजबूत उत्तराखंड का लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।
व्यापार मंडल की स्मारिका का विमोचन, प्रतिनिधियों को किया सम्मानित
सम्मेलन के दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रांतीय उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल की स्मारिका का विमोचन किया। इसके साथ ही व्यापार मंडल की विभिन्न इकाइयों के प्रतिनिधियों को सम्मानित भी किया गया।
कार्यक्रम में सांसद अजय भट्ट, कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा, विधायक बंशीधर भगत और सरिता आर्या, महापौर गजराज सिंह बिष्ट, प्रांतीय उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल के प्रदेश अध्यक्ष नवीन वर्मा, प्रदेश महामंत्री प्रकाश मिश्रा, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रताप बिष्ट, दर्जाधारी राज्यमंत्री डॉ. अनिल कपूर डब्बू, जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टी.सी., मुख्य विकास अधिकारी अरविंद कुमार पाण्डेय और अपर जिलाधिकारी विवेक राय सहित व्यापारी संगठनों के पदाधिकारी तथा अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।




